छत्तीसगढ़ के बालिका आश्रय गृह से दो किशोरियां लापता, जांच में प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ये दोनों किशोरियां प्रेम-प्रसंग के चलते प्रेमियों के साथ भागी हैं।
नईदुनिया, रायपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर और उत्तर प्रदेश के देवरिया स्थित नारी संरक्षण गृह में भारी अनियमितता का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि इसी बीच छत्तीसगढ़ के रायपुर में देवेंद्र नगर स्थित बालिका शेल्टर होम से दो किशोरियों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ये दोनों किशोरियां प्रेम-प्रसंग के चलते प्रेमियों के साथ भागी हैं। इन घुमंतू किशोरियों को दो दिन पहले ही शेल्टर होम में लाया गया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार सुबह शेल्टर होम से देवेंद्रनगर थाने में किशोरियों के लापता होने की सूचना पर जांच की जा रही है। फिलहाल उनके परिजनों से पूछताछ में साफ हुआ है कि किशोरियां अक्सर घर से लापता हो जाती थीं। नाबालिग होने की वजह से अपहरण का केस दर्ज करते हुए उनकी खोजबीन की जा रही है।
बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष ने निरीक्षण में पाई अनियमितता
उधर, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष प्रभा दुबे ने किशोरियों के शेल्टर होम से भागने की घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने शेल्टर होम का निरीक्षण करने के बाद वहां कार्यरत कर्मचारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। किशोरियों के भागने को लेकर कड़ी फटकार भी लगाते हुए प्रबंधन को व्यवस्था सुधारने को कहा है। मामले की जांच महिला एवं बाल विकास विभाग भी कर रहा है। शेल्टर होम से किशोर-किशोरियों के लापता होने की यह दूसरी घटना है।