यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर: पुंछ में सेना ने मार गिराए BAT के दो हमलावर, दो जवान भी शहीद
एलओसी पर हुए इस हमले का सेना के जांबाजों ने करारा जवाब दिया और बैट के दो सदस्यों को मार गिराया।

श्रीनगर, जेएनएन। पाकिस्तान ने अपनी नापाक हरकतें जारी रखते हुए गुरुवार को जम्मू के पुंछ जिला स्थित चकना दा बाग क्षेत्र में संघर्ष विराम उल्लंघन की आड़ में बार्डर एक्शन टीम (बैट) का हमला किया। एलओसी पर हुए इस हमले का सेना के जांबाजों ने करारा जवाब दिया और बैट के दो सदस्यों को मार गिराया। इस दौरान सेना के दो जवान भी शहीद हो गए। बताया जा रहा है कि बैट के सदस्य भारतीय क्षेत्र में घुस आए थे। दूसरी ओर सुरक्षाबलों ने लश्कर के पांच और आतंकियों को मार गिराया। पिछले 16 दिन में घाटी में 21 आतंकी मारे जा चुके हैं।
दक्षिण कश्मीर के काकपोरा में सात घंटे चली मुठभेड़ में लश्कर के तीन स्थानीय आतंकी मारे गए। मुठभेड़ में गोली लगने से मेजर भी घायल हुआ है। इस दौरान राष्ट्रविरोधी तत्वों ने आतंकियों को बचाने के लिए पथराव भी किया। उधर, उत्तरी कश्मीर के केरन सेक्टर में एलओसी पर सेना ने घुसपैठ के प्रयास को नाकाम बनाते हुए दो घुसपैठियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों के अन्य साथियों के खिलाफ सैन्य अभियान जारी है। मुठभेड़ के बाद तनाव को देखते हुए प्रशासन ने निषेधाज्ञा लगाने के साथ ही जिले में सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं बनिहाल-श्रीनगर रेल सेवा और मोबाइल इंटरनेट सेवा को को भी बंद कर दिया गया। पुलवामा में मारे गए आतंकियों की पहचान गंजीपोरा के शिराज अहमद उर्फ इरशाद और काकपोरा के माजिद व शाकिर के रूप में हुई है। आतंकियों के पास से दो एसाल्ट राइफलें, एक पिस्तौल व कुछ ग्रेनेड भी मिले हैं।
वहीं बुधवार देर रात के बाद केरन सेक्टर में एलओसी पर बिमला चौकी के अंतर्गत सेना ने घुसपैठ कर रहे आतंकियों को ललकारा, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सुबह तक चली कार्रवाई में दो आतंकी मारे गए। सेना ने मुठभेड़स्थल से एक एसाल्ट राइफल, पिट्ठू बैग और सैन्य साजो सामान भी बरामद किया। अभी एक आतंकी का शव बरामद नहीं हुआ है।
हिंसक झड़पों में मारा गया नामी पत्थरबाज छोटा गिलानी
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में गुरुवार को लश्कर के तीन स्थानीय आतंकियों के मारे जाने के बाद भड़की हिंसा में एक नामी पत्थरबाज तौसीफ बट उर्फ छोटा गिलानी की मौत हो गई, जबकि 25 सुरक्षाकर्मियों समेत 60 से ज्यादा घायल हो गए। काकपोरा और उससे सटे इलाकों में हिंसक प्रदर्शनों का दौर बुधवार रात मुठभेड़ के साथ ही शुरू हो गया था, जो आतंकियों के जनाजे के बाद तक जारी रहा।
यह भी पढ़ें: मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकी मारे गए, छोटा गिलानी भी गोली लगने से मारा गया
