विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान में दो भीषण सड़क हादसे, 5 युवकों की दर्दनाक मौत और तीन घायल

Published: Sat, 07 Nov 2026 12:23 AM (IST)

दक्षिण राजस्थान और सिरोही जिले में मंगलवार देर रात हुए दो भीषण सड़क हादसों में पांच युवकों की मौत हो गई।

राजस्थान के दो सड़क हादसों में पांच युवकों की मौत (सांकेतिक तस्वीर)

राजस्थान के दो सड़क हादसों में पांच युवकों की मौत (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. आबूरोड में ट्रक ने बाइक सवार तीन दोस्तों को रौंदा

  2. ऋषभदेव में डिवाइडर पार कर बस से भिड़ी कार

जागरण संवाददाता, उदयपुर। दक्षिण राजस्थान और सिरोही जिले में मंगलवार देर रात हुए दो भीषण सड़क हादसों में पांच युवकों की मौत हो गई।

आबूरोड में नेशनल हाईवे-27 पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन दोस्तों की जान चली गई, जबकि उदयपुर जिले के ऋषभदेव में तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रही निजी बस से भिड़ गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों दुर्घटनाओं में वाहनों के परखच्चे उड़ गए। पांच युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम छा गया।

ट्रक ने बाइक सवार तीन दोस्तों को रौंदा, मौके पर मौत

आबूरोड थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर मावल कट के पास मंगलवार रात करीब 10:30 बजे ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह के अनुसार ट्रक आबूरोड से पालनपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से सरकारी उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान प्रकाश और शंकर मीणा निवासी देलवाड़ा, माउंट आबू तथा दिनेश उर्फ विनय निवासी चारनिया फली, सातपुर, आबूरोड के रूप में हुई। तीनों दोस्त थे और मजदूरी करते थे। तीनों अविवाहित थे।

भाई बोला- बिना बताए घर से निकला था

प्रकाश के भाई प्रवीण ने बताया कि प्रकाश घर पर बिना बताए निकला था। रात करीब 12 बजे सड़क हादसे में उसकी मौत की सूचना मिली। प्रकाश के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था।

परिवार में तीन भाई और चार बहनें हैं। वहीं शंकर के परिवार में एक भाई और तीन बहनें हैं। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। दिनेश के पिता का भी निधन हो चुका था। परिवार में मां और दो विवाहित बहनें हैं। पुलिस ट्रक चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

डिवाइडर पार कर बस से भिड़ी कार, दो युवकों की मौत

ऋषभदेव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर कानुवाड़ा गांव के मोड़ पर मंगलवार रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रही निजी वीडियो कोच बस से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और दोनों युवक उसमें बुरी तरह फंस गए। पुलिस ने मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकलवाए।

हादसे में योगेंद्र कुमार (31) पुत्र भगवतीलाल कलाल निवासी सेमारी, सलूंबर और पीयूष मीणा (23) पुत्र भैरूलाल मीणा निवासी ऋषभदेव की मौत हो गई। दोनों शराब के ठेके पर काम करते थे। वे कागदर गांव से ऋषभदेव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ने से हादसा हो गया।

एक घंटे तक बाधित रहा यातायात

हादसे में बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची ऋषभदेव थाना पुलिस ने कार में फंसे शवों को बाहर निकलवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।

दुर्घटना के चलते हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने दोनों शवों का बुधवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।