त्विषा शर्मा मौत मामला; CBI ने किया केस दिल्ली ट्रांसफर का समर्थन, सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई एक सप्ताह टली
सुप्रीम कोर्ट ने त्विषा शर्मा के पिता की याचिका पर सुनवाई एक सप्ताह के लिए टाल दी, जिसमें केस को दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग की गई है।

सुप्रीम कोर्ट ने त्विषा शर्मा केस की सुनवाई एक सप्ताह टाली। (फाइल फोटो)
HighLights
सुप्रीम कोर्ट ने त्विषा शर्मा केस की सुनवाई एक सप्ताह टाली।
सीबीआई ने केस दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग का समर्थन किया।
गिरिबाला सिंह के प्रभाव के कारण निष्पक्ष सुनवाई की आशंका।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा की उस याचिका पर सुनवाई एक सप्ताह के लिए टाल दी, जिसमें निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए केस दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग की गई है। हालांकि शर्मा की इस याचिका का मामले की जांच कर रही सीबीआई ने पूरा समर्थन किया है।
भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जायमाल्या बागची और वी.मोहना की पीठ ने प्रतिवादी के वकील के एक सप्ताह का समय मांगने के बाद मामले की सुनवाई टाल दी। प्रतिवादी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने समय देने का अनुरोध किया।
उन्होंने बताया कि उन्हें निर्देश देने वाले वकील की शादी है। ध्यान रहे कि मृतका के पिता ने आशंका जताई है कि मध्य प्रदेश में उनकी बेटी को निष्पक्ष सुनवाई नहीं मिलेगी।
उन्होंने अपनी सास के प्रभाव और शुरुआती जांच व जमानत कार्यवाही के तरीके को लेकर चिंता जताई है। सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर उपलब्ध कंप्यूटरीकृत मामले की स्थिति के अनुसार, स्थानांतरण याचिका पर अगली सुनवाई संभावित रूप से 19 नवंबर को सूचीबद्ध है।
आइएएनएस के अनुसार केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह अपनी छोटी बहू त्विषा शर्मा की मौत से जुड़े मामले की सुनवाई को प्रभावित कर सकती हैं और गवाहों को डरा सकती हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी ने पूर्व माडल और अभिनेत्री त्विषा की मौत के मामले में मुकदमे को भोपाल से दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग का समर्थन किया है।
शीर्ष अदालत में दाखिल जवाबी हलफनामे में सीबीआइ ने कहा कि सेवानिवृत्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह भोपाल में प्रभावशाली व्यक्ति हैं और सत्र न्यायालय में लंबित कार्यवाही की निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती हैं।
सीबीआई ने कहा कि गिरिबाला सिंह जिला न्यायाधीश रह चुकी हैं और भोपाल जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग की अध्यक्ष थीं। उनके पद और संपर्कों के कारण वह मुकदमे की कार्यवाही को प्रभावित कर सकती हैं। उनके बेटे समर्थ सिंह भोपाल में वकालत करते हैं।
सोर्स- न्यूज एजेंसी ANI के इनपुट के अनुसार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।