विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महिला कलेक्टर को भेजे अश्लील मैसेज, टीवीके विधायक पर FIR दर्ज; हाई कोर्ट ने दिए जांच के निर्देश

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:54 PM (IST)

तमिलनाडु सरकार ने मद्रास हाई कोर्ट को बताया कि टीवीके विधायक सी. अरुल विग्नेश के खिलाफ महिला कलेक्टर को अश्लील संदेश भेजने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। 

टीवीके विधायक विग्नेश पर अश्लील संदेश भेजने का आरोप (विधायक सी. अरुल विग्नेश, विजय थलापति, फाइल फोटो)

टीवीके विधायक विग्नेश पर अश्लील संदेश भेजने का आरोप (विधायक सी. अरुल विग्नेश, विजय थलापति, फाइल फोटो)

HighLights

  1. टीवीके विधायक विग्नेश पर अश्लील संदेश भेजने का आरोप

  2. मद्रास हाई कोर्ट ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की

  3. जांच की निगरानी आईजी रैंक अधिकारी से कराने का निर्देश

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु सरकार ने मंगलवार को मद्रास हाई कोर्ट को बताया कि कल्लाकुरिची के टीवीके विधायक सी. अरुल विग्नेश के खिलाफ एक महिला जिला कलेक्टर को अश्लील संदेश भेजने के आरोप में एफआईआर की गई है।

उधर, विपक्षी दल अन्नाद्रमुक के महासचिव एके. पलानीस्वामी ने सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम(टीवीके) के विधायक विग्नेश की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की सीबीआइ जांच की मांग की है। इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि विधायक पर लगे आरोपों की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।

साथ ही कहा कि महिला कलेक्टर के उत्पीड़न से जुड़ी परिस्थितियों, जिला कलेक्टर की ओर से वरिष्ठ अधिकारियों को की गई शिकायत और उस पर हुई कार्रवाई की भी जांच की जानी चाहिए।

मामले को लेकर अधिवक्ता आर थ्रिशुली ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में पुलिस महानिदेशक और कल्लाकुरिची के पुलिस अधीक्षक को 11 नवंबर, 2026 को दिए गए आवेदन तथा सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी के आधार पर एफआइआर दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की गई थी।

इसमें कलेक्टर के आधिकारिक आवास में कथित आपराधिक अतिक्रमण का आरोप भी शामिल था। याचिकाकर्ता ने निष्पक्ष और शीघ्र जांच की मांग की थी। इस पर राज्य के सरकारी वकील आर. जान सत्यन ने न्यायमूर्ति वी. लक्ष्मीनारायणन के समक्ष जानकारी दी कि टीवीके विधायक विग्नेश के खिलाफ महिला अधिकारी को अश्लील संदेश भेजने के मामले में एफआइआर की गई है।

इस दौरान अदालत ने कहा कि हर महिला को यौन उत्पीड़न से सुरक्षा मिलनी चाहिए, चाहे उसका पद या पेशा कुछ भी हो। वह चाहे मुख्य सचिव हो या सफाई कर्मी या किसी अन्य पद पर।

अदालत ने कहा कि आरोपित संवैधानिक पद पर हैं, इसलिए जांच की निगरानी आइजी रैंक से नीचे का अधिकारी न करे। पुलिस को शीघ्र कार्रवाई और 22 दिसंबर तक अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।

इस बीच अन्नाद्रमुक नेता पलानीस्वामी ने मांग की कि विधायक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपी जाए। उन्होंने कहा कि मामले को दबाने की कोशिश करने वाले ‘सत्ताधारी नेताओं’ के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। साथ ही पलानीस्वामी ने भारी राजनीतिक दबाव के बावजूद दृढ़ रहने के लिए महिला अधिकारी की सराहना की।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।