तमिलनाडु: महिला कलेक्टर को आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप, विपक्ष ने की टीवीके विधायक की गिरफ्तारी की मांग
तमिलनाडु में एक महिला कलेक्टर को अश्लील व्हाट्सएप संदेश भेजने के आरोप में विपक्षी दलों अन्नाद्रमुक और द्रमुक ने टीवीके ...और पढ़ें

टीवीके विधायक की गिरफ्तारी पर अड़ा विपक्ष (स्क्रीनग्रैब- ANI)
HighLights
महिला कलेक्टर को अश्लील व्हाट्सएप संदेश भेजने का आरोप।
अन्नाद्रमुक और द्रमुक ने विधायक की गिरफ्तारी मांगी।
टीवीके विधायक अरुल विग्नेश ने आरोपों को झूठा बताया।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु में महिला कलेक्टर को कथित रूप से अश्लील वाट्सएप संदेश भेजने के मामले में विपक्षी दलों अन्नाद्रमुक और द्रमुक ने सत्तारूढ़ टीवीके के कल्लाकुरिची से विधायक सी. अरुल विग्नेश को गिरफ्तार करने की मांग की है।
विपक्षी दलों ने इस संबंध में गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों को औपचारिक अर्जियां देकर टीवीके के विरुद्ध दबाव बढ़ा दिया है। हालांकि, विग्नेश ने आरोप को झूठा बताया है।
अन्नाद्रमुक और द्रमुक दोनों ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार पर अपना राजनीतिक दबाव बढ़ाते हुए विधायक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दोनों दलों ने बयानों और इंटरनेट मीडिया पोस्ट के जरिये आलोचना तक सीमित रहने के बजाय अब अधिक कड़े कदम उठाए हैं।
उन्होंने मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारियों के पास औपचारिक अर्जियां देकर मामले को और गंभीर बना दिया है। अन्नाद्रमुक महासचिव ईके पलानीस्वामी और द्रमुक के प्रतिनिधियों ने तत्काल आपराधिक कार्रवाई, विधायक का फोन जब्त करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।
द्रमुक के संगठन सचिव आरएस भारती ने मामले की गंभीरता और इसमें एक विधायक व आइएएस अधिकारी के शामिल होने के मद्देनजर सीबी-सीआइडी से जांच का अनुरोध किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि टीवीके के सदस्य बिना किसी कार्रवाई के बच निकलते हैं। अन्नाद्रमुक के अधिवक्ता प्रकोष्ठ के सचिव आइएस इनबादुरई ने बताया कि प्रकोष्ठ ने अपनी अर्जी में विधायक के विरुद्ध तत्काल आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।