शनि मंदिर में प्रवेश नहीं मिलने से नाराज तृप्ति अदालत जाएंगी
भूमाता रणरागिनी ब्रिगेड की अध्यक्ष तृप्ति देसाई ने कहा है कि वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और राज्य सरकार के खिलाफ अदालत की अवमानना का मामला दायर करने पर विचार कर रही हैं।
पुणे। भूमाता रणरागिनी ब्रिगेड की अध्यक्ष तृप्ति देसाई ने कहा है कि वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और राज्य सरकार के खिलाफ अदालत की अवमानना का मामला दायर करने पर विचार कर रही हैं। एक दिन पहले महिलाओं को शनि शिंगणापुर मंदिर के गर्भ गृह में प्रवेश नहीं करने दिया था। भूमाता ब्रिगेड की अध्यक्ष ने रविवार को अपनी नाराजगी जाहिर की।
देसाई ने कहा, "मुख्यमंत्री ने जनवरी में समर्थन किया था। लेकिन शनिवार को वह हमारी सुरक्षा करने में विफल रहे। हमने सुपा थाने में महिला कार्यकर्ताओं की सुरक्षा करने में विफल पुलिसकर्मी, स्थानीय प्रशासन और ट्रस्टियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि शनिवार को जो कुछ भी हुआ वह उनकी हत्या की पूर्वनियोजित साजिश थी। उन्होंने कहा कि गांववालों ने हम लोगों पर हमला बोल दिया। हमारी पिटाई शुरू कर दी। इतना सबकुछ होता रहा और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने कहा कि यदि अदालत ने स्वतः संज्ञान नहीं लिया तो वह मामला दायर करेंगी।