विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Tripura News: त्रिपुरा में माकपा समर्थक की हत्या, भाजपा पंचायत प्रधान गिरफ्तार

By AgencyEdited By: Mahen Khanna
Published: Mon, 20 Feb 2023 05:15 AM (IST)

Tripura News माकपा ने भाजपा पर भय का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा पंचायत प्रधान ...और पढ़ें

Tripura News माकपा समर्थक की हत्या का मामला
Tripura News माकपा समर्थक की हत्या का मामला

अगरतला, प्रेट्र। त्रिपुरा में रविवार को 55 वर्षीय माकपा समर्थक की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या के आरोप में भाजपा पंचायत प्रधान को खोवई जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। माकपा ने आरोप लगाया कि भाजपा पंचायत प्रधान और उनके ड्राइवर ने मिलकर हत्या की है। हार के डर से भाजपा आतंक फैला रही है। वहीं, भाजपा के खोवई जिला अध्यक्ष और विधायक पिनाकी दास चौधरी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, लेकिन यह राजनीति से प्रेरित नहीं थी।

पुलिस के अनुसार, माकपा समर्थक दिलीप शुक्ला दास प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य का लाभ नहीं देने का आरोप लगाते हुए द्वारिकापुर ग्राम पंचायत के प्रधान कृष्ण कमल दास से शनिवार को झगड़ रहे थे। उस समय वे नशे की हालत में थे। मामला बढ़ने पर प्रधान ने उनके सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे खून बहने लगा और वे वहीं गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें खोवई जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें जीबीपी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां रविवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कानून, व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका जाहिर करते हुए शव को पार्टी मुख्यालय ले जाने से माकपा कार्यकर्ताओं को रोक दिया। विपक्ष के नेता माणिक सरकार और माकपा के राज्य सचिव जितेंद्र चौधरी ने विरोध जताते हुए कहा कि संभव है कि राजनीतिक दबाव की वजह से पुलिस ऐसा कर रही हो। हालांकि, बाद में पार्थिव शरीर को सर्किट हाउस ले जाने की अनुमति दे दी गई।

नगालैंड में हिंसा, पांच घायल, कई वाहन क्षतिग्रस्त

नगालैंड में चुनाव पूर्व हिंसा में पांच लोग घायल हो गए और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने रविवार को बताया कि नोकलाक जिले में रविवार दोपहर नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) और लोजपा समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच पथराव में चार लोगों को चोटें आईं। अन्य घटना में अज्ञात लोगों ने एनपीपी के प्रदेश अध्यक्ष एंड्रयू अहोतो सेमा के काफिले पर उस वक्त पथराव किया जब वह चुनाव प्रचार से लौट रहे थे। इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया और पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। नागालैंड में 27 फरवरी को चुनाव होंगे।