Tripura DM Suspended: शादी में उत्पात करने वाले शैलेश डीएम पद से मुक्त, बोले- जो किया, उस पर अडिग हूं
भारी पड़ा पश्चिम त्रिपुरा के डीएम शैलेश कुमार यादव को अकड़ दिखाना। वीडियो वायरल हो गई जमकर थू-थू होने लगी। मुख्य सचिव को पत्र लिख खुद ही पद से मुक्त होने का अनुरोध किया। आचरण को लेकर चल रही है विभागीय जांच।
अगरतला, प्रेट्र। कोरोना गाइडलाइंस का पालन कराने के नाम पर शादी समारोहों में उत्पात मचाने वाले पश्चिम त्रिपुरा के डीएम शैलेश कुमार यादव को उनके पद की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। शैलेश ने राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार से खुद को इस जिम्मेदारी से मुक्त करने का अनुरोध किया था। यह जानकारी सोमवार को अधिकारियों ने दी। बता दें कि शैलेश कुमार द्वारा शादी समारोह में उत्पात मचाने की घटना का वीडियो देश भर में वायरल होने के बाद से उनकी जमकर थू-थू हो रही है। इस मामले में विभागीय जांच भी चल रही है।
उल्लेखनीय है 26 अप्रैल की रात अगरतला के गोलप बागान और माणिक्य कोर्ट में दो शादी समारोहों में डीएम ने जमकर उत्पात मचाया था। समारोह में शामिल महिलाओं ओर पुरुषों से अभद्रता करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया था। शैलेश ने दूल्हा-दुल्हन और पंडित के साथ भी जमकर बदसलूकी की। उनके साथ चल रहे पुलिस वालों ने डंडों से मेहमानों की पिटाई की। एक महिला ने जब कार्यक्रम की अनुमति का कागज दिखाया तो उन्होंने उसे फाड़कर उसके मुंह पर दे मारा। इस पूरे घटनाक्रम का पांच मिनट का एक वीडियो देश भर में वायरल होने के बाद डीएम के साथ सरकार की भी बहुत किरकिरी हुई।
घटना से खिन्न मुख्यमंत्री बिपल्व कुमार देव ने उच्चस्तरीय जांच समिति गठित कर दी। इस जांच समिति में दो वरिष्ठ आइएएस अधिकारी भी शामिल हैं। इस समिति को जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। शैलेश कुमार ने निष्पक्ष जांच का हवाला देकर खुद को पदमुक्त करने का अनुरोध किया। राज्य के कानून मंत्री और मंत्रिमंडल के प्रवक्ता रतन लाल नाथ ने बताया कि मुख्य सचिव ने शैलेश कुमार का अनुरोध स्वीकार उन्हें फौरन पदमुक्त कर दिया है। उनकी जगह उद्योग एवं वाणिज्य निदेशक हेमेंद्र कुमार को पश्चिम त्रिपुरा का डीएम बनाया गया है।
शैलेश कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने जो कुछ भी किया वह कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया। मैंने उस रात जो कुछ भी किया, मैं उस पर अडिग हूं।