त्रिकुटा नगर नहर किनारे कचरे से भरे
त्रिकुटा नगर इलाके में नहर किनारे लगे कचरे के ढेर स्वच्छता अभियान को लेकर सरकारी गंभीरता पर सवालिया निशान लगा रहे हैं। कचरे से पटा क्षेत्र लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। अभी तक यहां कभी भी सफाई अभियान नहीं चलाया गया।
जागरण संवाददाता, जम्मू। त्रिकुटा नगर इलाके में नहर किनारे लगे कचरे के ढेर स्वच्छता अभियान को लेकर सरकारी गंभीरता पर सवालिया निशान लगा रहे हैं। कचरे से पटा क्षेत्र लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। अभी तक यहां कभी भी सफाई अभियान नहीं चलाया गया। त्रिकुटा नगर के बीचोबीच गुजरती नहर के किनारे कुछ स्थानों पर कचरा रोजाना फेंका जाता है। बावजूद किसी को परवाह नहीं है। हालत यह है कि छन्नी हिम्मत फाटक के नजदीक, मार्बल मार्केट मोड व सत्यम रिजार्ट के नजदीक भी नहर के किनारों पर कचरे के ढेर लगे पड़े हैं। इससे यहां क्षेत्र को ग्रहण लग रहा है तो वहीं आसपास रहने वाले भी परेशान हैं। राहगीरों को भी मुंह पर रुमाल रखकर जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। यह आलम तब है जब स्वच्छता अभियान को लेकर नगर निगम कई स्थानों पर सक्रियता तो दिखा रहा है, लेकिन ऐसे क्षेत्रों की तरफ अभी भी ध्यान नहीं दिया जा रहा। क्षेत्रीय लोग भी स्वयं आगे आकर कोई सामूहिक प्रयास करते नहीं दिख रहे। लोग चाहते हैं कि निगम यहां विशेष सफाई अभियान चलाकर समस्या का समाधान करे।
'शहर में इस तरह के कचरे के ढेर दिखने ही नहीं चाहिए। निगम को चाहिए कि पूरे शहर में विशेष सेनीटेशन ड्राइव चलाए।'
-अरुण कुमार गुप्ता
'त्रिकुटा नगर ही क्या, शहर के अन्य इलाकों में भी कचरा निस्तारण की व्यवस्था बननी चाहिए। तभी स्वच्छता अभियान सार्थक होंगे'
-कुलदीप राज
'निगम ने त्रिकुटा नगर इलाके में भी पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती की है। कुछ ऐसे क्षेत्र जरूर हैं जहां कर्मी नहीं आते। जल्द ही सफाई अभियान चलाने पर विचार चल रहा है।'
-डॉ. मुहम्मद सलीम खान, हेल्थ ऑफिसर, जम्मू