हिमस्खलन में शहीद सैन्य जवानों को दी अंतिम विदाई
15वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जेएस संधु व अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। उत्तरी कश्मीर में एलओसी से सटे गुरेज व मच्छल सेक्टर में हिमस्खलन में शहीद हुए 19 सैनिकों के पार्थिव शरीर मंगलवार को सैन्य सम्मान के साथ उनके परिजनों के पास भेज दिए गए। इससे पूर्व सेना की 15वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जेएस संधु व अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
गौरतलब है कि गुरेज सेक्टर में 24 व 25 जनवरी को 14 सैन्यकर्मी और उसके बाद 28 जनवरी को मच्छल सेक्टर में पांच जवान हिमस्खलन की चपेट में आकर शहीद हो गए थे। इससे पूर्व सोनमर्ग में एक मेजर अमित सागर भी हिमस्खलन में शहीद हो गया था। मौसम खराब होने के कारण गुरेज में शहीद जवानों के शव रविवार तक श्रीनगर नहीं पहुंचाए जा सके थे। मच्छल में बर्फ में दबे पांच जवानों को बचा तो लिया था, लेकिन उपचार के अभाव में उनकी मृत्यु हो गई। उन्हें सोमवार को ही सेना के 92 बेस अस्पताल में लाया था। मौसम ठीक होने पर गुरेज में शहीद हुए 14 सैन्यकर्मियों के पार्थिव शरीर सोमवार को ही श्रीनगर लाए गए थे।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि चिनार कोर मुख्यालय में भावपूर्ण समारोह में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद शहीदों के पार्थिव शरीर विशेष विमान से भेज दिए गए।
19 सैन्य कर्मियों के पार्थिव शरीर को सैन्य सम्मान के साथ परिजनों को सौंपा गया