Move to Jagran APP

टीएन शेषन ने बदल दी थी EC की तस्वीर, नरसिम्हा राव से लेकर लालू यादव तक किसी को भी नहीं बख्शा

चुनाव संबंधी नियमों को सख्ती से लागू करवाने के लिए मशहूर शेषन ने अपने कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव से लेकर बिहार के मुख्यमंत्री रहे लालू प्रसाद यादव किसी को नहीं बख्शा।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Mon, 11 Nov 2019 07:14 AM (IST)Updated: Mon, 11 Nov 2019 09:10 AM (IST)
टीएन शेषन ने बदल दी थी EC की तस्वीर, नरसिम्हा राव से लेकर लालू यादव तक किसी को भी नहीं बख्शा

जेएनएन, नई दिल्ली। चुनाव सुधारक और सख्त प्रशासक पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन अब हमारे बीच नहीं रहे। लेकिन चुनाव व्यवस्था में जब-जब सुधार की बातें होंगी वो हमेशा याद किए जाएंगे। वास्तव में वो शेषन ही थे जिन्होंने चुनाव आयोग की तस्वीर बदल दी थी।

loksabha election banner

चुनाव संबंधी नियमों को सख्ती से लागू करवाने के लिए मशहूर शेषन ने अपने कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव से लेकर बिहार के मुख्यमंत्री रहे लालू प्रसाद यादव किसी को नहीं बख्शा। वो पहले चुनाव आयुक्त थे जिन्होंने बिहार में पहली बार चार चरणों में चुनाव करवाया था। इस दौरान मात्र गड़बड़ी की आशंका में ही चारों बार चुनाव की तारीखें तक बदल दी थी। बूथ कैप्चरिंग के लिए बदनाम रहे बिहार में उन्होंने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को तैनात किया था।

पहचान पत्र से चुनाव की शुरुआत कराई

शेषन के कार्यकाल में ही चुनावों में मतदाता पहचान पत्र का इस्तेमाल शुरू हुआ। शुरू में नेताओं ने इसका विरोध किया था और इसे बहुत खर्चीला बताया था। लेकिन शेषन नेताओं के आगे नहीं झुके और कई राज्यों में तो मतदाता पहचान पत्र तैयार नहीं होने की वजह से उन्होंने चुनाव तक स्थगित करवा दिए थे। शेषन जब नए-नए मुख्य चुनाव आयुक्त बने थे तब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि आयोग में कोई काम तो होता नहीं तो वो करते क्या हैं? तब उन्होंने कहा था कि वह अपने दफ्तर में बैठकर क्रॉसव‌र्ल्ड पजल्स खेलते हैं। बता दें कि शेषन के मुख्य चुनाव आयुक्त बनने से पहले चुनाव आयोग की छवि बहुत अच्छी नहीं थी।

आदर्श चुनाव संहिता को सख्ती से लागू कराया

शेषन ने आदर्श चुनाव संहिता का सख्ती से पालन कराया। उनके पहले आदर्श चुनाव संहिता का उल्लंघन करना नेताओं की आदत बन गई थी। उनकी सख्ती का आलम यह था कि उत्तर प्रदेश में एक नेता को प्रचार का समय खत्म होने के बाद भाषण बीच में छोड़कर मंच से उतरना पड़ा था। चुनाव प्रचार के दौरान खर्च पर अंकुश लगाने की शुरुआत भी उन्होंने ही की थी।

मुख्य चुनाव आयुक्त बनने से पहले शेषन ने कई मंत्रालयों में काम किया और जहां भी गए उस मंत्री और मंत्रालय की छवि सुधर गई। 1990 में मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद शेषन का डायलॉग 'आइ ईट पॉलिटिशियंस फॉर ब्रेकफास्ट' काफी चर्चा में रहा। छह भाई-बहनों में शेषन सबसे छोटे थे। उनके पिता पेशे से वकील थे। उन्होंने आइएएस की परीक्षा टॉप की थी। वे हिंदी, अंग्रेजी के अलावा तमिल, मलयालम, संस्कृत, कन्नड़, मराठी, गुजराती भाषाओं में दक्ष थे। शेषन ने 1997 में राष्ट्रपति का चुनाव लड़ा था, हालांकि, उन्हें सफलता नहीं मिली और केआर नारायणन राष्ट्रपति चुने गए थे।

केरल के पलक्कड़ जिले में हुआ था टीएम शेषन का जन्म

तिरुनेल्लई नारायण अय्यर शेषन यानी टीएन शेषन का जन्म 15 दिसंबर, 1932 को केरल के पलक्कड़ जिले में हुआ था। 1955 बैच के तमिलनाडु कैडर के आइएएस अधिकारी रहे शेषन 12 दिसंबर, 1990 से 11 दिसंबर 1996 तक देश के 10वें मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर रहे। सरकारी सेवाओं के लिए उन्हें 1996 में रेमन मैग्सेसे अवार्ड से सम्मानित किया गया था।

मुख्य चुनाव आयुक्त का पद संभालने से पहले 1989 में वह देश के 18वें कैबिनेट सचिव के पद पर थे। लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री वीपी सिंह से उनकी नहीं बनीं। वीपी सिंह ने उन्हें कैबिनेट सचिव के पद से हटाकर योजना आयोग में भेज दिया था। वीपी सिंह के बाद प्रधानमंत्री बने चंद्रशेखर ने उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया था। चंद्रशेखर तब कांग्रेस के समर्थन से सरकार चला रहे थे। कहा जाता है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कहने पर उन्होंने शेषन को मुख्य चुनाव आयुक्त बनाया था।

राहुल ने शेषन के निधन पर शोक जताया

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टी.एन. शेषन के निधन पर सोमवार को शोक जताया। गांधी ने ट्वीट किया कि एक समय था जब हमारे चुनाव आयुक्त निष्पक्ष, सम्मानित, साहसी होते थे। उनकी बात सुनी जाती थी। टी. एन शेषन उनमें से एक थे। मैं उनके निधन पर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। कांग्रेस के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी शेषन के निधन पर शोक व्यक्त किया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.