गर्भवती पत्नी तक 'ट्रैवल पास' के सहारे पहुंचा शख्स, ट्विटर पर एक्टिव तमिलनाडु के CM ने की मदद
लॉकडाउन में फंसे पति ने गर्भवती पत्नी के पास जाने के लिए तमिलनाडु के सीएम से ट्वीट कर मदद मांगी और मुख्यमंत्री ने मानवता दिखाते हुए तुरंत मदद मुहैया कराई।
चेन्नई, प्रेट्र। लॉकडाउन के कारण गर्भवती पत्नी से दूर फंसे एक शख्स ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी से सोशल मीडिया के जरिए मदद की मांग की और मुख्यमंत्री ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए न केवल उसे घर तक पहुंचाया बल्कि उसकी गर्भवती पत्नी के लिए मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध कराई। बता दें कि नॉवेल कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए देशभर में गत 25 मार्च से लॉकडाउन जारी है और यह 3 मई को समाप्त होगा। इसके कारण कई लोग अपने घर से दूर फंसे हुए हैं। हालांकि स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग लोगों की मदद कर रहा है।
फैज अर्शी (Faiz Arshi) ने मदद की मांग करते हुए ट्वीट किया, उसे इतनी जल्दी मदद की भी उम्मीद नहीं होगी जितनी जल्दी प्रशासन ने उसे सहायता उपलब्ध कराई। उसे तुरंत ट्रैवल पास मिल गया। ऐसा मामला केवल फैज अर्शी का नहीं इसकी तरह कई लोग अपने घरों से दूर हैं और सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर मदद मांग रहे हैं। इनमें से कुछ अपने संदेह और दुविधा को भी दूर करने के लिए जानकारियां मांग रहे हैं और मुख्यमंत्री अपने ट्विटर हैंडल के जरिए इन सबके जवाब भी पूरी जिम्मेदारी के साथ दे रहे हैं। पलानीस्वामी, स्वास्थ्य मंत्री सी विजयभास्कर और स्वास्थ्य सचिव बीला राजेश के साथ अन्य कैबिनेट सदस्य एसपी वेलुमणी भी सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। ये सभी लोगों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे हैं साथ ही दूसरे राज्यों में फंसे अपने नागरिकों की भी हर संभव सहायता करने में जुटे हैं। सत्तारूढ़ AIADMK के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर नियमित रूप से अपडेट किया जा रहा है। डीएमके के अध्यक्ष एमके स्टालिन भी ट्विटर पर सक्रिया हैं।
फैज ने पलानीस्वामी को टैग करते हुए पिछले सप्ताह मैसेज किया कि उनकी गर्भवती पत्नी घर पर अकेली हैं और वो पड़ोसी राज्य में फंसे हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मेरी 9 माह की गर्भवती पत्नी और मेरा पहला बच्चा है। उनकी मदद के लिए वहां कोई नहीं हैI’ इसके जवाब में मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने उनसे कंटैक्ट नंबर मांगा और तुरंत मदद मुहैा कराई। इससे पहले मुख्यमंत्री ने एक युवक को उनकी मां की अंत्येष्टि में पहुंचने में मदद की थी।