विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ममता बनर्जी के बिना मनाया गया तृणमूल का भैया दूज, चंद्रिमा ने निभाई बहन की भूमिका

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:40 AM (IST)

बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर बदले राजनीतिक माहौल की झलक इस बार भैया दूज के ...और पढ़ें

ममता बनर्जी के बिना मनाया गया तृणमूल का भैया दूज

ममता बनर्जी के बिना मनाया गया तृणमूल का भैया दूज

HighLights

  1. ममता बनर्जी ने इस बार भैया दूज और विजयादशमी मिलन समारोह से बनाई दूरी

  2. अभिषेक बनर्जी के जन्मतिथि समारोह को लेकर भवानीपुर में तनाव की स्थिति बनी हुई है

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर बदले राजनीतिक माहौल की झलक इस बार भैया दूज के आयोजन में भी दिखी। हर साल ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर होने वाला भैया दूज समारोह इस बार नहीं हुआ।

इसके बजाय तृणमूल भवन में पार्टी की वरिष्ठ नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने भैया दूज का आयोजन किया। उन्होंने अरूप विश्वास, मदन मित्रा और जावेद खान समेत कई नेताओं को टीका लगाया। आयोजन में ममता बनर्जी के भाई बाबुन बंद्योपाध्याय भी शामिल हुए।

दरअसल, कालीपूजा से ठीक पहले अभिषेक बनर्जी के जन्मतिथि समारोह को लेकर भवानीपुर में तनाव की स्थिति बनी थी। इसके बाद ममता बनर्जी ने इस बार विजयादशमी मिलन और भैया दूज का आयोजन नहीं करने का फैसला किया था।

तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने इसकी वजह पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले, हिंसा, पुलिसिया कार्रवाई और झूठे मुकदमों के विरोध को बताया था। उल्लेखनीय है कि पहले ममता के कालीघाट स्थित आवास पर भैया दूज का आयोजन बड़े उत्साह से होता था।

मंगलवार को बाबुन से पूछा गया था कि क्या वह ममता बनर्जी से भैया दूज का टीका लगवाने जाएंगे। इस पर उन्होंने कहा था कि उन्हें ठीक से आमंत्रित नहीं किया गया और अब बुलाए जाने पर भी वह नहीं जाएंगे।

बाद में वह तृणमूल भवन पहुंचे और चंद्रिमा से टीका लगवाया। भाजपा नेता दिलीप घोष ने ममता के भैया दूज नहीं मनाने को लेकर तंज कसा। कहा कि पहले लोग सत्ता का टीका लेने आते थे, लेकिन अब सत्ता का प्रभाव नहीं रहा तो भैया दूज भी नहीं हो रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।