नाम-चिह्न विवाद पर दोनों तृणमूल गुटों को तीन हफ्ते की मोहलत, चुनाव आयोग ने नहीं सुनाया अंतिम फैसला
तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न पर अधिकार को लेकर ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी गुट के बीच जारी विवाद में शुक्रवार को चुनाव आयोग ने दोनों पक्षों को अतिरिक्त समय दिया।

नाम-चिह्न विवाद पर दोनों तृणमूल गुटों को तीन सप्ताह की मोहलत
HighLights
चुनाव आयोग ने नहीं सुनाया अंतिम फैसला, ऋतब्रत गुट को हलफनामा देने के लिए 14 दिन
ममता गुट को जवाब के लिए मिलेंगे सात दिन, कल्याण बनर्जी ने नए दस्तावेजों पर जताई आपत्ति
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न पर अधिकार को लेकर ममता बनर्जी और ऋतब्रत बनर्जी गुट के बीच जारी विवाद में शुक्रवार को चुनाव आयोग ने दोनों पक्षों को अतिरिक्त समय दिया।
दिल्ली में हुई पहली सुनवाई के बाद आयोग ने कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया। दोनों गुटों को अपनी दलीलें और जवाब दाखिल करने के लिए कुल तीन सप्ताह की मोहलत दी गई है। इसके तहत ऋतब्रत गुट को अपना हलफनामा दाखिल करने के लिए 14 दिन और उसके बाद ममता गुट को जवाब देने के लिए सात दिन मिलेंगे।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 28 सितंबर को दोनों गुटों को अपना पक्ष और जवाबी हलफनामे दाखिल करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया था।
साथ ही आयोग को पार्टी के नेतृत्व से जुड़े विवाद पर तीन महीने के भीतर निर्णय लेने का निर्देश दिया था। विवाद पार्टी के नाम 'आल इंडिया तृणमूल कांग्रेस' और उसके चुनाव चिह्न 'घास पर दो फूल' पर अधिकार को लेकर है।
शुक्रवार को दोनों गुटों के प्रतिनिधियों ने आयोग के अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखा। ममता गुट की ओर से सांसद कल्याण बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ ब्रायन उपस्थित थे।
वहीं, ऋतब्रत गुट का प्रतिनिधित्व रितब्रत बनर्जी और अखरुज्जमान ने किया।सुनवाई के दौरान ममता गुट ने विरोधी पक्ष की ओर से नए दस्तावेज और अतिरिक्त हलफनामा पेश करने की कोशिश पर कड़ी आपत्ति जताई।
कल्याण बनर्जी ने कहा कि ऋतब्रत गुट मूल याचिका में उठाए गए मुद्दों से अलग नई दलीलें पेश करने की कोशिश कर रहा है। उनके अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत निर्धारित समय के बाद नए दस्तावेज दाखिल नहीं किए जा सकते।
कल्याण ने यह भी आरोप लगाया कि विरोधी गुट की ओर से पेश किए गए कुछ दस्तावेजों और हलफनामों की जानकारी उनके पक्ष को नहीं दी गई है।
उनका कहना था कि जिन दस्तावेज का दूसरे पक्ष को खुलासा नहीं किया गया, उन पर आयोग भरोसा नहीं कर सकता। यह दलील भी दी कि लिखित बहस को जवाबी हलफनामे का विकल्प नहीं माना जा सकता।