रेल महकमे की तैयारी, थ्री स्टार होटल का अहसास कराएंगी ट्रेन की बोगियां
‘मिशन रेट्रो-फिटमेंट’ रेल यात्री को कोच के अंदर अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध करना है। सफर के दौरान यात्री को थ्री स्टार होटल या घर जैसा महसूस हो।
प्रदीप चौरसिया, मुरादाबाद। रेल महकमा ट्रेन की बोगी को थ्री-स्टार होटल की तरह बनाने जा रहा है। इसके लिए ‘मिशन रेट्रो-फिटमेंट’ शुरू किया गया है। वर्ष 2022 तक 40 हजार पुराने कोचों को आधुनिक कोचों में तब्दील कर दिया जाएगा। जर्जर हो चुके कोच हटाकर नए कोच लगाए जाएंगे। मुरादाबाद रेल मंडल में तीन सौ कोच का आधुनिकीकरण होना है।
‘मिशन रेट्रो-फिटमेंट’ रेल यात्री को सुविधा देने के लिए तैयार किया गया है। इसका मकसद यात्री को कोच के अंदर अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध करना है। सफर के दौरान यात्री को थ्री स्टार होटल या घर जैसा महसूस हो। नए कोच में इस तरह की सुविधा दी जा रही है। देश भर में 40 हजार पुराने मॉडल के कोच हैं। इन सभी की नए सिरे से साज-सज्जा की जाएगी।
एक कोच पर खर्च होंगे 30 लाख
रेलवे प्रत्येक कोच पर 30 लाख रुपये तक खर्च करेगा। कोच में अदृश्य पेंच, पाइप लाइन, एलइडी लाइट वाले पैनल लगाए जाएंगे। कोच में फायर सेंसर लगे होंगे। एसी कोच में यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। कोच की विंडो में फाइबर ग्लास लगेगा। इसे पत्थर आसानी से नहीं तोड़ पाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक कोच में वाइफाइ की भी व्यवस्था की जाएगी।
नए कोच में आधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं। पुराने कोच में आधुनिक सुविधा के साथ सुधार किया जाएगा। इससे यात्री सफर के दौरान घर जैसा माहौल महसूस कर पाएंगे।
- अजय कुमार सिंघल, मंडल रेल प्रबंधक