Move to Jagran APP

ग्वालियर नगर निगम में तिरंगा लगाते समय हादसा: तीन की मौत, नाराज शख्स ने प्रभारी नगर निगम आयुक्त को लगाया तमाचा

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में महाराजा बाड़ा पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के क्रम में दुर्घटनावश हाइड्रोलिक मशीन टूट गई जिसके कारण तीन लोगों की मौत हो गई। घटना से नाराज एक शख्स ने प्रभारी नगर निगम आयुक्त को तमाचा जड़ दिया।

By Monika MinalEdited By: Sat, 14 Aug 2021 01:54 PM (IST)
ग्वालियर नगर निगम में तिरंगा लगाते समय हादसा: तीन की मौत, नाराज शख्स ने प्रभारी नगर निगम आयुक्त को लगाया तमाचा
ग्वालियर नगर निगम में तिरंगा लगाते समय हादसा: तीन की मौत

ग्वालियर, जेएनएन। स्वतंत्रता दिवस के 75 साल पूरे होने पर देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस क्रम में मध्यप्रदेश में भी समारोह की तैयारियां चल रहीं हैं। ग्वालियर के महाराज बाड़ा स्थित नगर निगम कार्यालय पर भी शनिवार को राष्ट्रीय ध्वज लगाया जा रहा था। लेकिन जिस हाइड्रोलिक मशीन पर चढ़कर तिरंगा लगाया जा रहा था वहीं टूट गई और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल लोगों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बता दें कि महाराजा बाड़ा के ऐतिहासिक बिल्डिंग को हर साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सजाया जाता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्विटर पर हादसे पर दुख जताया है।

ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, परिजनों को संबल देने व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) August 14, 2021

हादसे के कारण घटनास्थल पर पहुंचे प्रभारी नगर निगम के आयुक्त मुकुल गुप्ता को गुस्साई भीड़ में से एक शख्स ने चांटा लगा दिया। घटनास्थल पर हादसे के बाद नाराज लोगों के हंगामे को खत्म करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की और निगम अधिकारियों को वहां से सुरक्षित निकाला। घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस व नगर निगम आयुक्त मुकुल गुप्ता के अलावा ग्वालियर आए प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट भी पहुंचे। सिलावट ने हादसे की जानकारी ली और उनके उपचार के पर्याप्त इंतजाम के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ितों के परिजनों से बात कर उन्हें सांत्वना दी।

राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए हाइड्रोलिक मशीन मंगवाई गई थी जिसपर चढ़कर कुछ कर्मचारी इमारत पर तिरंगा लगाने के लिए चढ़े थे तभी ये दुर्घटना हो गई। इसमें निगम कर्मचारी मंजर आलम, कुलदीप दंडौतिया और विनोद दंडौतिया और विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों में से एक को गंभीर चोट आई है।