विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संसद का विशेष सत्र: 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठक

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:31 PM (IST)Updated: Thu, 26 Nov 2026 07:52 PM (IST)

केंद्र सरकार ने 30 नवंबर 2026 को लोकसभा और 2 दिसंबर 2026 को राज्यसभा का एक दिवसीय सत्र बुलाया है।

सरकार ने राज्यसभा और लोकसभा का एक दिन का सत्र बुलाया (फोटो-PTI)

सरकार ने राज्यसभा और लोकसभा का एक दिन का सत्र बुलाया (फोटो-PTI)

HighLights

  1. लोकसभा का सत्र 30 नवंबर 2026 को आयोजित होगा।

  2. राज्यसभा का सत्र 2 दिसंबर 2026 को बुलाया गया।

  3. आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए सत्र बुलाया गया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने 30 नवंबर 2026 को लोकसभा और बुधवार 2 दिसंबर 2026 को राज्यसभा का एक दिन का सत्र बुलाया है। सरकार ने इस दौरान आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने की बात कही है। कामकाज की जरूरतों को देखते हुए दोनों सदन की कार्यवाही 3 दिसंबर 2026 को समाप्त होने की संभावना है।

केंद्रीय मंत्री ने पोस्ट कर दी जानकारी

केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल साइट X पर पोस्ट कर जानकारी दी कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है कि वे आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा को सोमवार, 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा को बुधवार 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाएं। कामकाज की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है।  

 The Government has requested Hon’ble Speaker, Lok Sabha and Hon’ble Chairman, Rajya Sabha to reconvene Lok Sabha on Monday, 30th November, 2026 and Rajya Sabha on Wednesday, 2nd December, 2026 respectively to transact essential Government Business. Subject to exigencies of the Business, the sitting of both Houses may conclude on 3rd December, 2026.

 

कांग्रेस कर सकती है संसदीय रणनीति समूह की बैठक 

न्यूज एजेंसी ANI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस घोषणा के मद्देनजर कांग्रेस शुक्रवार शाम 4.30 बजे दिल्ली में अपने 'संसदीय रणनीति समूह' (Parliamentary Strategy Group) की एक बैठक करेगी, जिसमें संसद के आगामी सत्र के लिए रणनीति पर चर्चा की जाएगी। 

परिसीमन की बहस के बीच सत्र की घोषणा

यह प्रस्तावित सत्र ऐसे समय में हो रहा है जब परिसीमन (delimitation) और महिला आरक्षण लागू करने की सरकारी योजनाओं को लेकर बहस चल रही है। न्यूज एजेंसी PTI के सूत्रों के हवाले से पहले यह भी खबर आई थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी, जिसमें उन्होंने मंत्रियों से संसद के आगामी सत्र के लिए तैयार रहने को कहा था।

संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026, जिसका उद्देश्य महिला आरक्षण के लागू होने को निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन से जोड़ना था, 17 अप्रैल को लोकसभा की एक विशेष बैठक के दौरान जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में विफल रहा। इस विधेयक के गिर जाने से परिसीमन की प्रक्रिया और लोकसभा के प्रस्तावित विस्तार पर सबका ध्यान गया है। 

परिसीमन पर चल रही बहस में एक ऐसा प्रस्ताव भी शामिल है, जिसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जा सकती है। साथ ही, 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीटों का जो मौजूदा अनुपात है, उसे बनाए रखा जाएगा।

दोनों सदनों का ये सत्र ऐसे समय में हो रहा है जब विपक्षी दलों ने मतदाता सूचियों के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) को लेकर चिंताएं जताई हैं। विपक्षी दलों ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं और उम्मीद है कि वे संसद में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग करेंगे।

यह भी पढ़ें- 15 दिसंबर से पहले संसद सत्र की तैयारी, पीएम मोदी ने मंत्रियों को दिया यह निर्देश; परिसीमन समेत कई विधेयक पर सबकी नजर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।