Move to Jagran APP

अंग्रेजों के जुल्‍म की खौफनाक दास्तां सुनाती ये जेल, कैदियों को तोपों पर बांधकर उड़ा देते थे

देशभर के सेनानियों को इसी जेल में रखा जाता था। जेल के अंदर उन पर जमकर जुल्‍म ढाया जाता था और योतनाएं दी जाती थी।

By Ramesh MishraEdited By: Published: Mon, 31 Dec 2018 10:42 AM (IST)Updated: Mon, 31 Dec 2018 01:50 PM (IST)
अंग्रेजों के जुल्‍म की खौफनाक दास्तां सुनाती ये जेल, कैदियों को तोपों पर बांधकर उड़ा देते थे
अंग्रेजों के जुल्‍म की खौफनाक दास्तां सुनाती ये जेल, कैदियों को तोपों पर बांधकर उड़ा देते थे

ई दिल्‍ली [ जागरण स्‍पेशल ]। अंडमान निकोबार की सेल्युलर जेल एक बार फ‍िर सुर्खियों में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को अंडमान-निकोबार पहुंचे और जेल की उस कोठरी तक गए, जहां वीर सावरकर और बटुकेश्वर दत्त को रखा गया था। अब इस जेल काे राष्‍ट्रीय स्‍मारक में बदल दिया गया है, लेकिन आज भी यह जेल सेनानियों के ऊपर ढाए गए जुल्‍म की दास्‍तां सुनाती है। आइए जानते हैं सेल्युलर जेल के बारे में। क्‍या थी उस जेल की खासियत।

loksabha election banner

ब्रिटिश हुकूमत के जुल्‍म की दास्‍तां है जेल

भारत पर राज करने वाले ब्रिटिश हुकूमत ने वर्ष 1896 में इस जेल की आधारशीला रखी। उस वक्‍त स्‍वतंत्रता संग्राम सेनानियों के लिए यह काला पानी था। देशभर के सेनानियों को इसी जेल में रखा जाता था। जेल के अंदर उन पर जमकर जुल्‍म ढाया जाता था और यातनाएं दी जाती थी। इसी कारण इसे 'काला पानी' कहा जाता था। इस जेल में निर्मित 698 कमरे अंग्रेजों के अत्‍याचार और सेनानियों के बलिदान की दास्‍तां सुनाते हैं। यहां की जेल में कैदियों के कमरे बहुत छोटे होते थे। बंदियों को केवल साढ़े चार मीटर लंबे और तीन मीटर चौड़े कमरों में रखा जाता था।

सेल्‍युलर के नामकरण के पीछे का सच

अंग्रेजों ने बहुत साेच-समझ कर इस जेल का नाम 'सेल्‍युलर' रखा था। दरअसल, यहां एक कैदी को दूसरे कैदी से अलग रखा जाता था। जेल में कैदियों के लिए अलग-अलग सेल होती थी। इसके दो कारण बताए जाते हैं। एक तो सेनानियों को दूसरे सेनानियों से दूर रखने का लक्ष्‍य था। दूसरा, कैदियों को अकेले रखने से उनकी पीड़ा बढ़ जाती थी। यह अकेलापन कैदी के लिए भयावह था। उन्हें सिर्फ समाज से अलग करने के लिए यहां नहीं लाया जाता था, बल्कि उन्हें जेल का निर्माण, भवन निर्माण, बंदरगाह निर्माण आदि के काम में भी लगाया जाता था। यहां आने वाले कैदी ब्रिटिश शासकों के घरों का निर्माण भी करते थे।

जेल में फांसी का नहीं है रिकार्ड

हालांकि, यहां कितने सेनानियों को फांसी की सजा दी गई, इसका रिकॉर्ड जेल के रिकार्ड में मौजूद नहीं है। लेकिन अंग्रेजी सत्‍ता का विरोध करने वाले हजारों सेनानियों को यहां लाकर फांसी दे दी गई। तोपों के मुंह पर बांधकर उन्हें उड़ा दिया जाता था। कई ऐसे भी थे जिन्हें तिल-तिलकर मारा जाता था। इसके लिए अंग्रेजों के पास सेल्युलर जेल का अस्त्र था। यह शब्द भारत में सबसे बड़ी और बुरी सजा के लिए एक मुहावरा बना हुआ है।

गहरे समुद्र से घिरी है जेल

यह जेल गहरे समुद्र से घिरी हुई है। जेल के चारों ओर कई किलोमीटर तक केवल समुद्री जल ही दिखता है। कोई भी कैदी इसे आसानी से पार नहीं कर सकता था। चारों ओर समुद्र से घिरे होने के कारण जेल की चारदीवारी काफी छोटी है। इस जेल में सबसे पहले 200 विद्रोहियों को जेलर डेविड बेरी और मेजर जेम्स पैटीसन वॉकर की सुरक्षा में यहां लाया गया था। कराची से 733 विद्रोहियों को यहां लाया गया था। भारत और बर्मा से भी यहां सेनानियों को सजा देने के लिए लाया गया था। इसका मुख्य भवन लाल ईंटों से निर्मित है। ये ईंटें बर्मा से मंगवाई गईं थीं। इस भवन की सात शाखाएं हैं। भवन के बीचोंबीच एक टावर है। इस टावर से ही सभी कैदियों पर नजर रखी जाती थी। प्रत्येक शाखा तीन मंजिल की बनी थी। इनमें कोई शयनकक्ष नहीं था और कुल 698 कोठरियां थीं। एक कोठरी का कैदी दूसरी कोठरी के कैदी से कोई संपर्क नहीं रख सकता था।

रॉस द्वीप का नाम बदलकर सुभाषचंद्र बोस द्वीप

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को घोषणा की पोर्ट ब्लेयर में रॉस द्वीप का नाम बदलकर सुभाषचंद्र बोस द्वीप किया जाता है। भविष्य में इस द्वीप को इसी नाम से पहचाना जाएगा। उन्होंने कहा कि द्वीप का नया नामकरण इसलिए किया गया है, क्योंकि नेताजी का नाम हमारे दिलों में गौरव भरता है। रॉस द्वीप अब आगे से महान क्रांतिकारी नेताजी सुभाषचंद्र बोस के नाम से पुकारा जाएगा। सिर्फ रॉस द्वीप का ही नाम नहीं बदलता है, अलबत्ता नील द्वीप का भी नया नाम शहीद द्वीप किया गया है। हैवलाक द्वीप का नाम स्वराज द्वीप रखा गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.