समाज सुधारक पेरियार की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ के बाद तनाव, राजनीतिक दलों ने की निंदा
तमिलनाडु के उप मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने तमिलनाडु के समाज सुधारक और द्रविड़ विचारक इवी रामास्वामी पेरियार की एक प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की घटना की निंदा और कहा कि जो भी इस घटना में लिप्त होंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तिरुचिरापल्ली, प्रेट्र। तमिलनाडु के समाज सुधारक और द्रविड़ विचारक इवी रामास्वामी पेरियार की एक प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद यहां तनाव व्याप्त हो गया है। कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी प्रतिमा को भगवा रंग से रंगकर उसका स्वरूप बिगाड़ने की कोशिश की। प्रतिमा के पास से एक चप्पल भी मिली। पेरियार की प्रतिमा यहां इनामकुलथुर के समथुवापुरम में स्थित है। इस घटना पर नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा- दोषियों के खिलाफ की जाएगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि रविवार तड़के इनामकुलथुर के समथुवापुरम कॉलोनी में प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने को लेकर एक मामला दर्ज किया गया है। तमिलनाडु के उप मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने इस घटना की निंदा और कहा कि जो भी इस घटना में लिप्त होंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ट्वीट किया, दबे-कुचले लोगों को न्याय दिलाने और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करने में उनका महान योगदान है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पेरियार की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की घटना की राजनीतिक दलों ने की निंदा
इस घटना के बाद राजनीतिक हल्कों से तुरंत प्रतिक्रिया आई और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि हाल के महीनों में इस तरह की यह दूसरी घटना है। उन्होंने कहा कि कोयम्बटूर में भी इसी तरह प्रतिमा को भगवा रंग से रंग दिया गया था। उन्होंने ऐसे लोगों के बहिष्कार की अपील की। पीएमके नेता एस रामदास, एमडीएमके संस्थापक और राज्यसभा सदस्य वाइको समेत अन्य स्थानीय नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की। स्थानीय लोगों ने इस घटना का विरोध जताते हुए डिंगिगुल हाई वे जाम कर दिया और पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।