तेलंगाना: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत; सामने आया खौफनाक वीडियो
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक भयानक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।
HighLights
रंगारेड्डी जिले में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत।
तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी।
मृतकों में पति-पत्नी और बेटा शामिल, बेटी गंभीर रूप से घायल।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक भयानक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई।
यह घटना रंगारेड्डी जिले के चेवेल्ला मंडल में गोल्लापल्ली के पास हुई। मृतकों की पहचान 36 वर्षीय कुम्मारी मधु, उनकी 30 वर्षीय पत्नी सावित्री और उनके बेटे धनुष के तौर पर हुई है।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
मोइनाबाद मंडल के मेडीपल्ली गांव के रहने वाले इस परिवार के सदस्य चनवेल्ली में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद जब वे घर लौट रहे थे, तब ये हादसा हुआ।
मधु, सावित्री और धनुष को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मधु-सावित्रीकी बेटी अक्षिता हादसे में घायल हो गई, लेकिन उसकी बच गई। उसे इलाज के लिए चेवेल्ला सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
रंगारेड्डी जिले में हुए इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है। एक तेज रफ्तार कार पीछे से आ रही थी, तभी मोटरसाइकिल सवार लोग रोड क्रॉस करते हुए कार से टकरा जाते हैं। कार की स्पीड इतनी तेज है कि लोगों को मोटरसाइकिल से हवा में उड़ते देखा गया। यह घटना CCTV में कैद हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध हिट-एंड-रन मामले में शामिल गाड़ी की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- 10 दिन, 3 होटल रूम और 3 मर्डर... हैदराबाद में खौफनाक वारदातों के बाद पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
