विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तेलंगाना: नितिन नवीन का उपहास उड़ाने पर ​घिरे रेवंत रेड्डी, भाजपा बोली- जल्द टूट जाएगा मुख्यमंत्री का अहंकार

Published: Wed, 01 Jul 2026 10:39 PM (IST)

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उपहास उड़ाने पर भाजपा ने कड़ी आलोचना की है। 

नितिन नवीन का उपहास उड़ाने पर ​घिरे रेवंत रेड्डी। (पीटीआई)

नितिन नवीन का उपहास उड़ाने पर ​घिरे रेवंत रेड्डी। (पीटीआई)

HighLights

  1. रेवंत रेड्डी ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का उपहास उड़ाया।

  2. भाजपा ने मुख्यमंत्री के बयान को अहंकारी और निंदनीय बताया।

  3. भाजपा ने कहा, तेलंगाना चुनाव में कांग्रेस की हार होगी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उपहास उड़ाने पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी घिर गए हैं। भाजपा ने पार्टी अध्यक्ष का उपहास उड़ाने पर बुधवार को रेड्डी की तीखी आलोचना की और कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के साथ रेड्डी का अहंकार टूट जाएगा।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने मंगलवार को भाजपा अध्यक्ष की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2028 के तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए काम करने को कहा था।

रेड्डी ने कहा कि भाजपा को बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने में 15 साल लग गए और तेलंगाना में भी उसका यही हाल होगा। उन्होंने हैदाराबाद में एक कार्यक्रम में कहा, "हाल ही में एक व्यक्ति यहां आए थे, नवीन या जो भी नाम हो, मुझे उनका नाम ठीक से नहीं पता, लेकिन वह यहां आकर कहते हैं कि अगली सरकार उनकी होगी।"

रेड्डी ने कहा, "आपने बंगाल के बारे में भी यही बात कही थी। वहां सरकार बनाने में 15 साल लग गए, लेकिन यहां हमारे सभी लोग तैयार हैं और वे आपको कुचल देंगे।"

मुख्यमंत्री के इस बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने उन्हें कांग्रेस का दरबारी और अहंकारी नेता बताया। शुक्ला ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, "अहंकार में डूबे रेवंत रेड्डी को अपनी आंखों को खोलकर देखना चाहिए कि नितिन नवीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जो दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी और देश के 22 राज्यों में सत्ता में है।"

उन्होंने कहा कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने भी अहंकार दिखाया था, जो आखिरकार 2023 में तेलंगाना विधानसभा चुनाव में उसकी हार के साथ टूट गया था। यही अहंकार आप (रेवंत रेड्डी) पर भी हावी हो गया है। आपका अहंकार भी बस कुछ समय का मेहमान है।

जबकि भाजपा सांसद संबित पात्रा ने भी रेड्डी की आलोचना की और कहा कि कांग्रेस नेता की टिप्पणी आपत्तिजनक व निंदनीय है और इससे उस पार्टी के अहंकार और राजनीतिक संस्कृति का पता चलता है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।