तेलंगाना: गणेश विसर्जन के दौरान अलग-अलग हादसों में सब-इंस्पेक्टर समेत 13 की मौत, 26 घायल
तेलंगाना में गणेश विसर्जन समारोहों के दौरान हुए विभिन्न हादसों में एक सब-इंस्पेक्टर सहित 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए।

तेलंगाना में गणेश विसर्जन का एक झलक(प्रतीकात्मक तस्वीर: एएनआई)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना में गणेश उत्सव के समापन पर आयोजित विसर्जन समारोहों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुए विभिन्न हादसों में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 26 अन्य लोग घायल हो गए। इसकी जानकारी तेलंगाना के डीजीपी सी.वी. आनंद ने दी है।
पुलिस महानिदेशक(डीजीपी) सी.वी. आनंद ने पुष्टि की कि विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान राज्य भर में कुल 13 लोगों की असमय मौत हुई है, जिनमें ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर भी शामिल हैं।
इसके अलावा 26 लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। हालांकि, ये हादसे डूबने, बिजली के करंट या किसी अन्य तकनीकी कारण से हुए, इस पर पुलिस की ओर से विस्तृत रिपोर्ट आना अभी बाकी है।
कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुआ विसर्जन
गणेश उत्सव के अंतिम दिन राज्य भर के प्रमुख जलस्रोतों, झीलों और कृत्रिम तालाबों पर विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। प्रशासन ने शांति बनाए रखने, यातायात को सुचारू रखने और भीड़ प्रबंधन के लिए बड़े पैमाने पर पुलिस बल की तैनाती की थी।
इन कड़े सुरक्षा इंतजामों के बावजूद कुछ जगहों पर अप्रत्याशित घटनाएं घट गईं। डीजीपी ने इस वर्ष उत्सव के दौरान स्थापित की गई गणेश प्रतिमाओं से जुड़े आंकड़े भी साझा किए। आधिकारिक रूप से सार्वजनिक पंडालों में लगभग 1.24 लाख प्रतिमाएं दर्ज की गई थीं।
इसके अलावा यदि निजी आवासों, अपार्टमेंट्स और गेटेड कम्युनिटीज में विराजे गणपति को भी शामिल कर लिया जाए, तो पूरे राज्य में यह संख्या लगभग 3.5 लाख से 4 लाख के बीच हो सकती है।
यह भी पढ़ें- गणेश उत्सव से अलग क्यों है विघ्नराज संकष्टी? जानें इस पावन व्रत का महत्व और पूजा विधि
यह भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश: विजयवाड़ा में खौलते सांभर में गिरने से महिला की मौत, गणेश उत्सव के दौरान हुआ हादसा
