कर्नाटक: उर्वरक की सप्लाई को लेकर पूछे गए सवाल पर शिक्षक निलंबित, रसायन व उर्वरक मंत्री खुबा से मांगा था जवाब
कर्नाटक के एक मंत्री से सवाल-जवाब करने वाले बिदर जिले के शिक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और वहां मंत्री की जमकर आलोचना हो रही थी। इसके बाद शिक्षक को उसके पद से निलंबित कर दिया गया।
बिदर, आइएएनएस। कर्नाटक के बिदर में एक शिक्षक को गुरुवार को निलंबित कर दिया गया। दरअसल शिक्षक ने केंद्रीय रसायन व उर्वरक मंत्री भगवंत खुबा से उर्वरक की सप्लाई को लेकर सवाल पूछ लिया था। बता दें कि मंत्री से सवाल करने वाला शिक्षक का कथित आडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसमें सवाल पूछने वाले शिक्षक को मंत्री ने फटकार लगाई थी और इसलिए जमकर आलोचना की जा रही थी।
शिक्षा विभाग ने बिदर जिले में औराद तालुक स्थित हेदापुरा गांव के शिक्षक कुशल पाटिल ( Kushal Patil) को निलंबित कर दिया। सूत्रों ने बताया कि उन्हें नेता से सवाल करने के लिए दंडित किया गया है। आडिया क्लिप के अनुसार पाटिल ने फोन पर मंत्री से फर्टिलाइजर की कमी को लेकर सवाल किया था जिसपर मंत्री नाराज हो गए। आडियो क्लिप में मंत्री खुबा बोलते नजर आ रहे हैं कि फर्टिलाइजर न होने की सूरत में वे कुछ नहीं कर सकते। हजारों ऐसे वर्कर हैं जो फर्टिलाइजर की सप्लाई का काम-काज देखते हैं किसान उनके पास जाएं। उन्होंने आगे कहा कि उनका काम फर्टिलाइजर को राज्यों तक भेजना है जो वो कर चुके हैं। मंत्री ने आगे कहा कि किसानों से स्थानीय विधायक व कर्मचारियों से इस बाबत बात करने के लिए कहा।
इसके अलावा मंत्री ने कहा कि उनके पास और भी महत्वपूर्ण विषय है जिसपर ध्यान देना है। जब शिक्षक ने मंत्री को चुनौती दी कि अगली बार उन्हें निर्वाचित नहीं किया जाएगा। इसपर मंत्री ने कहा कि उन्हें चुनाव में कैसे जीत हासिल होती है इस बारे में पता है। मंत्री ने शिक्षक को फोन पर यह भी कहा कि वो जो चाहें कर लें। मंत्री ने कहा, 'मैं भारत सरकार का मंष्त्री हूं और राज्यों की देखभाल करता हूं। आपको अपने MLA से बात करनी चाहिए।' केंद्रीय राज्य मंत्री ने अपनी ओर से सफाई दी और कहा कि जिसने फोन किया था वह किसान नहीं बल्कि शिक्षक था। उर्वरक के बारे में सवाल करने के दौरान उसने अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। वायरल वीडियो और आडियो एडिट किया हुआ है।