टाटा समूह में नेतृत्व को लेकर तकरार, Noel Tata ने बोर्ड मीटिंग की रिकॉर्डिंग देने से किया इनकार
टाटा संस ने नोएल टाटा की 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग साझा करने की मांग को खारिज ...और पढ़ें

टाटा संस और नोएल टाटा के बीच बढ़ा विवाद (फाइल फोटो)
HighLights
टाटा संस ने नोएल टाटा की रिकॉर्डिंग मांग ठुकराई।
नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति का विरोध किया था।
विवाद की मुख्य वजह टाटा संस की लिस्टिंग।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। टाटा समूह में नेतृत्व और अधिकारों को लेकर चल रही खींचतान बेहद चिंताजनक मोड़ पर पहुंच गई है। टाटा संस ने टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा द्वारा 17 सितंबर की बोर्ड मीटिंग की आडियो-वीडियो रिकार्डिंग साझा करने के अनुरोध को साफ शब्दों में खारिज कर दिया है।
उस बैठक में ही एन. चंद्रशेखरन को समूह की होल्डिंग कंपनी का चेयरमैन दोबारा नियुक्त किया गया था, जबकि नोएल टाटा इस फैसले के विरोध में खड़े एकमात्र बोर्ड सदस्य थे। उक्त फैसले पर नोएल टाटा लगातार सवाल उठा रहे हैं।
टाटा संस के कंपनी सेक्रेटरी सुप्रकाश मुखोपाध्याय ने नौ नवंबर को टाटा ट्रस्ट्स को लिखे पत्र में कहा, वीडियो रिकार्डिंग की जरूरत सिर्फ तभी होती है जब कोई या एक से ज्यादा निदेशक आनलाइन शामिल हों। कंपनी का यह प्रचलन कभी नहीं रहा कि व्यक्तिगत रूप से आयोजित बैठकों की आडियो या वीडियो रिकार्डिंग साझा की जाए।
पत्र में साफ लिखा गया कि कानून या आर्टिकल्स आफ एसोसिएशन के तहत ऐसी रिकार्डिंग रखने या किसी को भी (यहां तक की निदेशकों को भी) देने की कोई बाध्यता नहीं है। मीटिंग का ब्यौरा एक अक्टूबर को बोर्ड एप पर अपलोड किया गया था।
आठ अक्टूबर को मिली प्रतिक्रिया के बाद जरूरी बदलाव कर दिए गए हैं। संशोधित मिनट्स (ब्यौरा) जल्द ही अपलोड किए जाएंगे और अगली बैठक में पुष्टि के लिए रखे जाने पर निदेशक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। टाटा संस ने रजिस्ट्रार आफ कंपनीज को भी सेक्शन 117 के तहत चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति की जानकारी दे दी है
टाटा संस की लिस्टिंग है विवाद की प्रमुख वजह
दरअसल, नोएल टाटा चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति का विरोध कई कारणों से कर रहे हैं। इनमें सबसे बड़ा मुद्दा टाटा संस की लिस्टिंग का है। आरबीआइ के आदेश के बाद शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराना अनिवार्य हो गया है, लेकिन नोएल टाटा का मानना है कि चंद्रशेखरन ने इसे टालने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं किए।
इसके अलावा समूह के डिजिटल कारोबार, एअर इंडिया और इलेक्ट्रानिक्स बिजनेस शाखाओं के वित्तीय प्रदर्शन को लेकर भी उनकी चिंताएं हैं। इस साल की शुरुआत में चंद्रशेखरन ने सहमति की कमी के चलते पुनर्नियुक्ति पर वोटिंग टलवाने में सफलता पाई थी।
17 सितंबर की बैठक में भी कुछ पहलुओं पर स्पष्टता नहीं होने से प्रस्ताव कुछ समय तक लंबित रहा, लेकिन बताया जाता है कि नोएल टाटा शीघ्र ही बैठक छोड़कर चले गए और इसके बाद टाटा संस ने सार्वजनिक रूप से फैसला घोषित कर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।