विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाटा संस की लिस्टिंग पर घमासान तेज, पूर्व ट्रस्टी डेरियस खंबाटा का वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह पर पलटवार

Published: Tue, 17 Nov 2026 11:12 PM (GMT+05:30)

पूर्व टाटा ट्रस्ट्स ट्रस्टी डेरियस खंबाटा ने वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह पर टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर अचानक रुख बदलने का आरोप लगाया है।

टाटा संस लिस्टिंग विवाद गहराया

टाटा संस लिस्टिंग विवाद गहराया 

HighLights

  1. खंबाटा ने श्रीनिवासन और सिंह पर रुख बदलने का आरोप लगाया।

  2. टाटा मॉडल का सार ट्रस्ट्स का टाटा संस पर नियंत्रण है।

  3. आरबीआई ने टाटा संस को सूचीबद्ध होने की बात दोहराई।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। टाटा ट्रस्ट्स के पूर्व ट्रस्टी डेरियस खंबाटा ने मंगलवार को वाइस चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय तक टाटा संस को सूचीबद्ध करने का विरोध करने के बाद दोनों अचानक अपने रुख से पलट गए।

श्रीनिवासन और सिंह को लिखे पत्र में वरिष्ठ वकील खंबाटा ने कहा कि टाटा संस पर टाटा ट्रस्ट्स का नियंत्रण ही ‘टाटा माडल’ का सार है। गैर-लाभकारी संस्थाओं के समूह टाटा ट्रस्ट्स की देश के सबसे बड़े कारोबारी समूह की होल्डिंग कंपनी में सामूहिक रूप से दो-तिहाई हिस्सेदारी है।

पत्र में खंबाटा ने कहा कि टाटा माडल के बचाव को ट्रस्ट्स के ‘वर्तमान नेतृत्व’ के नियंत्रण के रूप में पेश करना गलत है। उन्होंने कहा कि सभी ट्रस्टी समान हैं और टाटा संस की रक्षा करना हर ट्रस्टी का दायित्व है। खंबाटा के मुताबिक, 13 नवंबर के पत्र में श्रीनिवासन और सिंह ने सूचीबद्धता पर अपना रुख बदलने की वजह नहीं बताई।

उन्होंने याद दिलाया कि दोनों मार्च 2024, मई 2025 और जुलाई 2025 में टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के सूचीबद्धता-विरोधी रुख का समर्थन कर चुके थे, लेकिन अप्रैल 2026 में अचानक बदल गए। उन्होंने इसे निराशाजनक बताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा ट्रस्ट की बैठक में होनी चाहिए, पत्राचार या मीडिया के जरिये नहीं।

खंबाटा ने यह भी कहा कि 17 नवंबर का पत्र उन्हें संबोधित था, लेकिन ट्रस्ट्स को भेजा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंह और श्रीनिवासन ने महत्वपूर्ण तथ्य छोड़कर 'झूठी कहानी' बनाई और अपने खिलाफ आरोपों को खारिज किया। उन्होंने वेणु को अस्थायी रूप से ट्रस्टी पद से हटाकर ट्रस्ट्स के संविधान में बदलाव कराने की रणनीति बनाने के आरोप से भी इनकार किया।

आरबीआई ने फिर दोहराया, टाटा संस को सूचीबद्ध होना होगा

आरबीआइ ने फिर दोहराया है कि नमक से साफ्टवेयर तक कारोबार करने वाले टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस को मौजूदा नियमों के तहत शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना चाहिए।

आरबीआई के नियमन विभाग के एक उप महाप्रबंधक ने टाटा संस प्राइवेट लिमिटेड के छह अक्टूबर के पत्र के जवाब में यह बात कही। पत्र में कंपनी को ऊपरी स्तर की एनबीएफसी (एनबीएफसी-यूएल) पर लागू सभी नियमों, दिशानिर्देशों और निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

इनमें सूचीबद्धता की आवश्यकता भी शामिल है। पत्र के मुताबिक, टीएसपीएल ने किसी खास नियम पर मार्गदर्शन नहीं मांगा था, लेकिन निदेशक मंडल में सूचीबद्धता पर चर्चा का उल्लेख किया था।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।