यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Tanishq Ad Controversy : ज्वेलरी ब्रांड तनिष्क के नए विज्ञापन पर फूटा लोगों का गुस्सा, वीडियो हटाया
केले ट्विटर पर ही 19 हजार से ज्यादा लोगों ने इस विज्ञापन को प्रतिबंधित करने की मांग कर डाली और ...और पढ़ें

नई दिल्ली, एजेंसियां। त्योहारी सीजन को देखते हुए मशहूर ज्वेलरी ब्रांड तनिष्क ने अपने प्रमोशन के लिए नया विज्ञापन जारी किया, लेकिन यह उसके लिए परेशानी का कारण बन गया। वीडियो के सामने आते ही लोगों ने तमाम सोशल प्लेटफार्म पर इसका विरोध करना शुरू कर दिया। लोगों ने इसे लव जिहाद को बढ़ावा देने वाला बताया। विरोध का स्वर कुछ इस तरह उठा कि उसे अपने यू-ट्यूब चैनल से इस विज्ञापन को हटाने के लिए मजबूर होना पड़ा। हालांकि, इसका समर्थन करने वाले भी मैदान में उतरे लेकिन विरोध का स्वर इतना प्रबल था कि उनकी एक न चली।
सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे लव जिहाद को बढ़ावा देने वाला बताया
अकेले ट्विटर पर ही 19 हजार से ज्यादा लोगों ने इस विज्ञापन को प्रतिबंधित करने की मांग कर डाली और कुछ ही समय में यह ट्विटर पर टॉप ट्रेंड करने लगा। लोगों ने ट्विटर के साथ ही फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी जमकर विरोध की अलख जगाई।
अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने इस विज्ञापन को खूबसूरत बताया है। इस विज्ञापन में अपनी आवाज देने वाली अभिनेत्री दिव्या दत्ता से एक यूजर ने सवाल किया कि क्या यह उनकी ही आवाज है। जवाब देते हुए उन्होंने लिखा हां, यह मेरी आवाज है। लेकिन दुख की बात यह है कि इसे ऑफ एयर कर दिया गया।
इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'तो हिंदुत्व के कट्टर लोगों ने तनिष्क ज्वैलरी का बहिष्कार करने का आह्वान किया है। अगर हिंदू-मुस्लिम एकत्वम (एकता) उन्हें बहुत परेशान करती है, तो वे दुनिया में सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाले हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक-भारत का बहिष्कार क्यों नहीं करते हैं?'
तनिष्क ने जारी बयान में कहा कि एकत्वम कैंपेन में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों का एक साथ आकर जश्न मनाने का विचार निहित है। इस फिल्म को लेकर गंभीर प्रतिक्रियाएं आई हैं। हम अनजाने में लोगों की भावनाओं को हुए नुकसान के लिए दुख प्रकट करते हैं और अपने विज्ञापन को वापस लेते हैं।
यह है मामला
तनिष्क के नए विज्ञापन में एक हिंदू महिला को दिखाया गया है। इसकी एक मुस्लिम परिवार में शादी हुई है। वीडियो में इस महिला की गोदभराई की रस्म को दिखाई गया है। खास बात यह कि मुस्लिम परिवार सभी रस्मों को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार करता है। बाद में गर्भवती महिला अपनी सास से पूछती है कि मां ये रस्म तो आपके घर में होती नहीं, इस पर उसकी सास कहती है कि लेकिन बेटी को खुश रखने की रस्म तो हर घर में होती है न। वीडियो में हिंदू-मुस्लिम परिवार को एकजुट दिखाने की कोशिश की गई है।
