तमिलनाडु में दीवाली पर हिंसा: पुलिसकर्मी समेत 9 लोगों की हत्या पर सियासत तेज; DMK ने विजय सरकार को घेरा
तमिलनाडु में दीपावली के पावन पर्व पर हुई हिंसक वारदातों में एक पुलिस अधिकारी समेत कुल 9 लोगों की जान ...और पढ़ें

तमिलनाडु में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन।
HighLights
दीपावली पर तमिलनाडु में 9 लोगों की हिंसक मौतें हुईं।
थेनी में पुलिस अधिकारी सेंथिल कुमार की दुखद मृत्यु हुई।
विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा, सीएम को डमी कहा।
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। दीपावली के पावन त्योहार पर तमिलनाडु से एक बेहद दहला देने वाली और चिंताजनक खबर सामने आई। यहां राज्य के अलग-अलग जिलों में हुई हिंसक वारदातों और हत्याओं में एक पुलिस अधिकारी समेत कुल 9 लोगों की जान चली गई है। इस सनसनीखेज घटना के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और राजनीतिक घमासान मच गया है।
तमिलनाडु में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने राज्य की सत्ताधारी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार पर कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह नाकाम रहने का आरोप लगाया है।
सीएम विजय को बताया डमी सीएम
स्टालिन ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय पर कटाक्ष करते हुए उन्हें "डमी सीएम" करार दिया और पूछा कि जब राज्य में पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की रक्षा कौन करेगा? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दीपावली पर पटाखों की आवाज़ से ज्यादा 'चाकुओं की गूंज' सुनाई दी।
किन जिलों में हुईं वारदातें?
बता दें कि यह हिंसक घटनाएं तिरुचिरापल्ली, शिवगंगा, कड्डलोर, चेन्नई, तिरुवल्लूर और थेनी सहित कई जिलों में सामने आईं। मरने वालों में तीन कथित अपराधी, दो बच्चे, एक युवत और एक पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
थेनी में पुलिस अधिकारी की मौत
इसके अलावा थेनी जिले में एक दुखद घटना के दौरान स्पेशल सब-इंस्पेक्टर सेंथिल कुमार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक सार्वजनिक सड़क पर कुछ लोग पटाखे फोड़ रहे थे, जब एसआई ने उन्हें रोकने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ हाथापाई हुई। इस दौरान वे संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ऐसे में DMK के प्रवक्ता सरवनन ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह मौजूदा TVK सरकार की विफलता है, जहां अपराधियों के मन से कानून का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है और सरकार ने जनता का भरोसा खो दिया है। इस सिलसिलेवार हत्याओं के बाद विपक्षी दलों ने सरकार से जवाबदेही की मांग तेज कर दी है।