विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने पर चौतरफा घिरे TVK विधायक, डीजीपी ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

Published: Wed, 25 Nov 2026 09:02 PM (IST)

तमिलनाडु के डीजीपी महेश कुमार अग्रवाल ने महिला जिलाधिकारी को अश्लील संदेश भेजने के आरोपी विधायक सी. अरुल विग्नेश के खिलाफ निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।

डीजीपी ने विधायक के खिलाफ निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। डीजीपी महेश कुमार अग्रवाल (बाए), CM विजय के साथ MLAअरुल विग्नेश (दाए)

डीजीपी ने विधायक के खिलाफ निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। डीजीपी महेश कुमार अग्रवाल (बाए), CM विजय के साथ MLAअरुल विग्नेश (दाए)

HighLights

  1. डीजीपी ने विधायक के खिलाफ निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया

  2. महिला जिलाधिकारी को अश्लील संदेश भेजने का आरोप है

  3. हाई कोर्ट के निर्देश पर पुलिस कर रही है मामले की जांच

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) महेश कुमार अग्रवाल ने बुधवार को भरोसा दिलाया कि महिला जिलाधिकारी को कथित तौर पर अश्लील संदेश भेजकर परेशान करने के आरोपित सत्तारूढ़ टीवीके के विधायक सी. अरुल विग्नेश के खिलाफ दर्ज मामले की निष्पक्ष जांच होगी और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

पत्रकारों से बातचीत में डीजीपी ने राजनीतिक दबाव की आशंकाओं को खारिज करते हुए बताया कि शिकायतकर्ता ने 23 नवंबर को पुलिस अधीक्षक के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।

इसके बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मद्रास हाई कोर्ट के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व और आइजी की निगरानी में जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि हाई कोर्ट ने 24 नवंबर को मामले में किसी को संरक्षण नहीं देने की चेतावनी देते हुए तिरुप्पुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह को जांच अधिकारी और आइजी (प्रशासन) एन. कामिनी को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी थी।

इस बीच, विधायक की संभावित गिरफ्तारी की अटकलों के बीच उनके कार्यालय के बाहर 50 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। महिला पुलिस थाने की निरीक्षक भुवनेश्वरी के नेतृत्व में टीम ने विधायक के आवास पर पहुंचकर उन्हें पूछताछ के लिए समन सौंपा।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की है। वहीं, द्रमुक अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए राज्य सरकार पर मामले को दबाने और आरोपी को बचाने का आरोप लगाया।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।