चीनी विदेश मंत्री के साथ वार्ता में उठा था सियांग नदी का मसला
मालूम हो कि मानसून मौसम के बाद से ही सियांग नदी का पानी काफी मटमैला हो गया है। कई लोगों ने इसके लिए चीन द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यो को जिम्मेदार ठहराया है
नई दिल्ली (जेएनएन)। ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी सियांग के अरुणाचल प्रदेश में मैला होने का मसला विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और चीनी विदेश मंत्री वांग यी के बीच मंगलवार को हुई वार्ता में भी उठा था। विदेश मंत्रलय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने गुरुवार को इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि यह बेहद चिंता का मुद्दा है और उनका मंत्रलय इस मसले पर जल संसाधन मंत्रलय के साथ समन्वय कर रहा है।
मीडिया के साथ हर सप्ताह होने वाली बातचीत में रवीश कुमार ने कहा, ‘आप सभी जानते हैं कि नदी प्रबंधन से जुड़े ऐसे मसलों से निपटने के लिए दोनों देशों के बीच पहले से ही एक तंत्र है।’ मालूम हो कि मानसून मौसम के बाद से ही सियांग नदी का पानी काफी मटमैला हो गया है। कई लोगों ने इसके लिए चीन द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यो को जिम्मेदार ठहराया है, लेकिन चीन ने इन आरोपों से इन्कार किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री निनोंग इरिंग ने इस संदर्भ में पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिखा था।
यह भी पढ़ें : नासा की बड़ी उपलब्धि, खोज निकाला हमारी तरह का एक और 8 ग्रहों वाला सौरमंडल