विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'रेल यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाएं', सुप्रीम कोर्ट का निर्देश

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:43 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया है।

रेल यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाएं।

रेल यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाएं।

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने रेलवे यात्री सुरक्षा, स्वास्थ्य पर निर्देश दिए।

  2. कैग रिपोर्ट में सुविधाओं की कमी उजागर की गई थी।

  3. अधिकारियों को उचित कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक बेहद अहम और सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं से जुड़े प्रतिवेदन पर गंभीरता से विचार करने और यात्रियों की सेहत व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित उपाय करने का निर्देश दिया है।

जस्टिस जोयमल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने यह आदेश उस याचिका पर सुनवाई करते हुए पारित किया, जिसमें रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं, शौचालयों की स्वच्छता और दिव्यांगजनों की सुगमता को सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की गई थी।

पीठ ने इस बात पर गौर किया कि याचिकाकर्ता ने भारत के नियंत्रक-महालेखापरीक्षक (कैग) की उस रिपोर्ट का हवाला देते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, जिसमें देश भर के रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई और विभिन्न यात्री सुविधाओं के रख-रखाव में गंभीर कमियों को उजागर किया गया था। कोर्ट ने यह भी संज्ञान लिया कि इसी वर्ष सितंबर में अधिकारियों के समक्ष एक समान प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था।

अपने 16 नवंबर के आदेश में पीठ ने कहा, "यद्यपि हमारी यह सुविचारित राय है कि याचिकाकर्ता द्वारा उठाए गए मुद्दे व्यापक जनहित से जुड़े हैं, वहीं हम यह भी नोट करते हैं कि अधिकारियों को कैग रिपोर्ट की सिफारिशों और उठाए गए अन्य मुद्दों की जांच के लिए उचित समय की आवश्यकता हो सकती है।"

याचिका का निपटारा करते हुए कोर्ट ने कहा, "हम याचिकाकर्ता को निर्देश देते हैं कि वह संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखे। अधिकारी इस पर विचार करेंगे और रेलवे सेवाओं का उपयोग करने वाले यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए जो भी जरूरी कदम उठाने होंगे, वे उठाएंगे।"

गौरतलब है कि इस याचिका में इस वर्ष अगस्त में संसद में पेश की गई कैग रिपोर्ट का विशेष रूप से हवाला दिया गया था, जिसमें कई स्टेशनों पर वाटर कूलर के पानी में ई. कोलाई नामक बैक्टीरिया की मौजूदगी और शौचालयों में गंदगी की स्थिति को उजागर किया गया था। याचिका में पेयजल स्रोतों की समयबद्ध और व्यापक जांच, दूषित स्रोतों को तुरंत बंद करने, कचरा प्रबंधन में सुधार और आपातकालीन चिकित्सा तैयारियों को पुख्ता करने की मांग की गई थी।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।