स्मार्ट सिटी बसाने में स्वीडन ने बढ़ाया हाथ
स्वीडन की व्यापार मंत्री ने नायडू से मुलाकात के दौरान स्मार्ट सिटी बसाने में सहयोग के लिए संभावित क्षेत्रों पर बातचीत हुई।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। भारत के स्मार्ट शहरों को विकसित करने में स्वीडन ने उत्साह दिखाया है। स्वीडन की मंत्री एन्न लिंडे ने गुरुवार को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू से मुलाकात कर इस बारे में अपनी इच्छा जाहिर की। दोनों नेताओं के बीच शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम करने पर सहमति बनी।
स्वीडन की यूरोपीय संघ मामलों और व्यापार मंत्री लिंडे ने भारत में प्रस्तावित स्मार्ट सिटी विकसित करने में अपनी विशेषज्ञता के बारे में विस्तार से बताते हुए शहरों के अंदरुनी परिवहन को आधुनिक प्रौद्योगिकी के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने बताया कि उनके यहां सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में बेहतर प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाता है, जिसका लाभ भारत भी उठा सकता है। इसके लिए दोनों नेताओं के बीच विस्तार से चर्चा हुई।
स्वीडन की व्यापार मंत्री ने नायडू से मुलाकात के दौरान स्मार्ट सिटी बसाने में सहयोग के लिए संभावित क्षेत्रों पर बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि भारत व स्वीडन ने वर्ष 2015 में एक समझौते पर हस्ताक्षर किया था, जिसमें स्मार्ट सिटी मिशन और शहरी विकास को आगे बढ़ाने के प्रावधान हैं। अब इस क्षेत्र में दोनों देशों को इन क्षेत्र में कुछ ठोस कार्य करने की जरूरत है। लिंडे का कहना है कि वेस्ट मैनेजमेंट, शहरी यातायात, स्मार्ट पार्किग प्रणाली, वायु स्वच्छता और रियल टाइम कमांड एंड कंट्रोल प्रणाली में स्वीडन दुनिया में सबसे आगे है। इन सारी विशेषज्ञता का उपयोग भारत में बनने वाले स्मार्ट सिटी में हो सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वीडन की एक बस कंपनी जल्दी ही नागपुर में एथनॉल से चलने वाली 55 बसें चलायेगी। लिंडे ने कहा कि भारत में स्मार्ट सिटी मिशन से विभिन्न क्षेत्रों में देसी व विदेशी कंपनियों को निवेश और सहयोग करने की संभावनाओं को बल मिला है। नायडू ने स्वीडिश कंपनियों को भारत में निवेश करने के लिए आमंत्रण दिया।
यह भी पढ़ें: जानिए कि आपके शहर के नाम से क्यों जुड़ा है 'पुर', 'आबाद' या 'गढ़'