स्वामी के तेवर कायम, आर्थिक मामलों के सचिव पर साधा निशाना
सुब्रमण्यम स्वामी ने मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रह्मणयम पर हमला फिलहाल 'स्थगित' करने की घोषणा की है।
नई दिल्ली, (जागरण ब्यूरो)। वित्तमंत्री अरुण जेटली की नसीहत के बावजूद सुब्रमण्यम स्वामी के तेवर पूरी तरह ढीले नहीं पड़े हैं। मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रह्मणयम पर हमला फिलहाल 'स्थगित' करने की घोषणा के साथ ही उन्होंने आर्थिक मामलों के सचिव शशिकांत दास के खिलाफ नया मोर्चा खोल दिया है। वैसे चीन की यात्रा पर गए अरुण जेटली ने वहीं से स्वामी के आरोपों को सिरे खारिज कर दिया है।
जेटली ने इसे वित्त मंत्रालय के अनुशासित अधिकारियों के खिलाफ आधारहीन हमला बताया है। अरविंद सुब्रह्मणयम पर स्वामी के हमले के बाद जेटली ने साफ कर दिया था कि मुख्य आर्थिक सलाहकार पर सरकार का पूरा भरोसा है। लेकिन गुरूवार को स्वामी ने साफ कर दिया कि वे अरविंद सुब्रह्मणयम पर सरकार के भरोसे से इत्तेफाक नहीं रखते हैं। वैसे उन्होंने फिलहाल अरविंद सुब्रह्मणयम के खिलाफ हमले को स्थगित करने का संकेत जरूर दिया।
जेटली के बचाव पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने ट्वीट किया कि 'यदि कोई भारतीय, जिसे देशभक्त बताया जाता है, वह इस देश को भारत का हाथ मरोड़ने की सलाह देता है, जिसमें वह रहता है, यदि उसे माफ कर दिया जाता है, तो मैं उसके खिलाफ अपनी मांग स्थगित करता हूं।' जाहिर है सुब्रह्मणयम स्वामी मुख्य आर्थिक सलाहकार के खिलाफ अपने आरोपों पर कायम है और सिर्फ उन्हें हटाने की अपनी मांग स्थगित कर रहे हैं। अपने हमले को आगे बढ़ाते हुए सुब्रह्मणयम स्वामी ने आर्थिक मामलों के सचिव शशिकांत दास पर निशाना साध दिया। वैसे इस बार सीधे ट्वीट करने के बजाय उन्होंने दूसरों के ट्वीट पर छिड़ी बहस के बीच में टिप्पणी कर दी।
अपनी टिप्पणी में उन्होंने शशिकांत दास के खिलाफ प्रॉपर्टी का केस लंबित होने और महाबलिपुरम के प्राइम प्रोपर्टी को हड़पने में पी चिदंबरम की मदद करने का आरोप लगाया। आर्थिक सलाहकार के बाद आर्थिक मामलों के सचिव पर हमले पर अरुण जेटली ने तीखा पलटवार किया। जेटली ने बीजिंग से ही ट्वीट कर वित्तमंत्रालय के अधिकारियों को न सिर्फ अनुशासित बताया, बल्कि उनके खिलाफ आरोपों को आधारहीन व मनगढंत करार दिया।
अरुण जेटली का पैचवर्क, बोले-अरविंद सुब्रमण्यम पर भरोसा उनकी राय बेशकीमती