स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: अहमदाबाद-साणंद को मिला सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ शहर जोड़ी का पुरस्कार
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में अहमदाबाद और साणंद की जोड़ी को 'शहर की जोड़ी' श्रेणी में पहला पुरस्कार मिला। राष्ट्रपति द्रौपदी ...और पढ़ें

स्वच्छ शहर की जोड़ी में पहला स्थान अहमदाबाद और साणंद को मिला।
HighLights
अहमदाबाद-साणंद को स्वच्छ शहर जोड़ी में पहला पुरस्कार मिला।
इंदौर-देपालपुर और तिरुपति-कुप्पम ने भी पुरस्कार जीते।
नवी मुंबई को नेशनल क्लीन सिटी का शीर्ष सम्मान मिला।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। शहरों को स्वच्छ रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान में इस बार सबसे पहले ऐसे शहरों को पुरस्कृत किया गया है, जिन्होंने खुद स्वच्छता में श्रेष्ठ रहने के साथ ही अपने आसपास के किसी एक छोटे शहर को स्वच्छ बनाने के लिए भी काम किया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में ‘शहर की जोड़ी’ के नाम से दिए गए पुरस्कार में पहला पुरस्कार अहमदाबाद (मेंटर सिटी) और साणंद (मेंटी सिटी) की जोड़ी को दिया गया है। दूसरा पुरस्कार इंदौर (मेंटर सिटी) और देपालपुर (मेंटी सिटी) को और तीसरा पुरस्कार तिरुपति (मेंटर सिटी) व कुप्पम (मेंटी सिटी) को दिया गया है।
नेशनल क्लीन सिटी की श्रेणी में पहला पुरस्कार नवी मुंबई को, दूसरा सूरत और तीसरा पुरस्कार विजयवाड़ा को दिया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कारों की घोषणा की। साथ ही पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे शहरों को उन्होंने पुरस्कृत किया।
शहरी विकास मंत्रालय के स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में इस बार 11 श्रेणियों में शहरों को पुरस्कृत किया गया। इनमें पहली और अहम श्रेणी स्वच्छ शहर जोड़ी की थी।
आबादी के हिसाब से भी शहरों को पुरस्कृत किया गया। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) पहले स्थान पर रहा, जबकि जबलपुर (मध्य प्रदेश) दूसरे व लखनऊ (उत्तर प्रदेश) तीसरे स्थान पर रहा। वहीं तीन से 10 लाख आबादी वाले शहरों में उज्जैन (मध्य प्रदेश) पहले स्थान पर रहा, जबकि चंडीगढ़ दूसरे और गुंटूर (आंध्र प्रदेश) तीसरे नंबर पर था।
50 हजार से तीन लाख तक की आबादी वाले शहरों में देवास (मध्य प्रदेश) पहले नंबर पर, नई दिल्ली नगर निगम दूसरे नंबर और सागर (मध्य प्रदेश) तीसरे नंबर पर रहा। 20 हजार से 50 हजार की आबादी वाले शहरों में स्वच्छता में पहले नंबर पर विटा (महाराष्ट्र), दूसरे पर आस्का (ओडिशा) और तीसरे नंबर पर पणजी (गोवा) रहा।
20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में बिल्हा (छत्तीसगढ़) पहले नंबर पर, पंचगनी (महाराष्ट्र) दूसरे नंबर पर और बुधनी (मध्य प्रदेश) तीसरे नंबर पर रहा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देश के 4751 शहरों ने हिस्सा लिया था। इस सर्वेक्षण की शुरूआत 2016 से हुई थी।
पुरस्कार की अन्य श्रेणियां
- स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउनः पहला पुरस्कार रीवा (मध्य प्रदेश) को, दूसरे नंबर पर बिलासपुर (छत्तीसगढ़) और तीसरे स्थान पर वाराणसी (उत्तर प्रदेश)
- स्वच्छ कोस्टल टाउनः पहला पुरस्कार पुरी (ओडिशा) को, दूसरे स्थान पर अलप्पुझा (केरलम) और तीसरे स्थान पर रत्नागिरी (महाराष्ट्र)
- क्लीन हिमालयन सिटीः पहला पुरस्कार रुद्रपुर (उत्तराखंड) को, दूसरे स्थान पर जम्मू व तीसरे नंबर पर शोपियां (जम्मू-कश्मीर)
प्रदेश भी शुरू करें अपने यहां स्वच्छ पुरस्कारः मनोहर लाल
पुरस्कारों की घोषणा के मौके पर केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण की इस पहल से देश के शहरों में स्वच्छता को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ी है।
उन्होंने इनमें 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों को शामिल करने पर भी जोर दिया। साथ ही कहा कि राज्यों को भी ऐसे पुरस्कार शुरू करने चाहिए। इससे जो शहर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा से छूट जा रहे है, उन्हें भी अवसर मिल सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।