विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कार में बैठने की लोकेशन, टोल प्लाजा पर यूपीआई से पेमेंट... सुवेंदु के निजी सचिव की हत्या मामले में नए खुलासे

Published: Sun, 10 May 2026 12:52 PM (IST)

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में विशेष जांच दल को अहम सुराग मिले हैं।

चंद्रनाथ रथ की फाइल फोटो।

चंद्रनाथ रथ की फाइल फोटो।

HighLights

  1. टोल प्लाजा पर यूपीआई भुगतान से मिला अहम सुराग

  2. यूपी-बिहार भेजे गए जांच दल, पेशेवर शूटरों का शक

  3. हमलावरों को चंद्रनाथ की कार में बैठने की जगह पता थी

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में विशेष जांच दल को एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा है। अपराधियों ने इस घटना में जब्त कार से बाली टोल ब्रिज पार करते समय यूपीआइ के जरिए भुगतान किया था। अब पुलिस यूपीआइ से जुड़े तथ्यों की मदद से अपराधियों तक पहुंचाना चाहती है।

पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की है, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना के तीन दिन बाद भी हमलावर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। अपराधियों ने उत्तर 24 परगना जिले के माध्यमग्राम में गुरुवार रात चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

आरोपियों के भागने वाले रूट का सीसीटीवी खराब

इधर जांच में अब सबसे बड़ी चुनौती अपराधियों के भागने वाले रूट का सीसीटीवी फुटेज जुटाना बन गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोहारिया-माठपाड़ा इलाके से होकर जिस रास्ते से अपराधियों के फरार होने का अनुमान है, वहां लगे कई सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब पड़े हैं। जांच अधिकारियों का मानना है कि अपराधी अंधेरा होने का इंतजार कर रहे थे, ताकि तेज रफ्तार बाइक से भागते समय उनका चेहरा या बाइक का नंबर प्लेट कैमरे में साफ तौर पर कैद न हो सके।

यूपी और बिहार से शूटर बुलाए जाने की आशंका

जांच के सिलसिले में पुलिस की दो टीमें उत्तर प्रदेश और बिहार भेजी गई हैं। अधिकारियों को शक है कि पेशेवर शार्प शूटर इन्हीं राज्यों से बुलाए गए थे। विशेष जांच टीम को अनुमान है कि हमलावरों को पहले से यह जानकारी थी कि चंद्रनाथ रथ कार में कहां बैठे थे। इसी वजह से आरोपितों ने बेहद सटीक तरीके से उन पर हमला किया। पुलिस ने इलाके से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक अन्य संदिग्ध वाहन की पहचान की है, जो इस हत्याकांड में इस्तेमाल की गई कार का पीछा कर रहा था।

यह भी पढ़ें- 'मैं सभी का CM हूं', जय श्री राम का नारा लगा रहे समर्थकों को रोकते हुए बोले सुवेंदु अधिकारी