सरहद के पहरेदारों को शिंदे की सलामी, दस वीरनारियों का सम्मान
केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने सरहद के पहरेदारों को उनकी सरजमीं पर अनूठी और बेजोड़ सलामी दी। सीमा पर बलिदान होने वाले मथुरा जिले के दस जवानों की वीर नारियों को तो सम्मानित किया ही, पश्चिम यूपी के जवानों के लिए मथुरा में बीएसएफ की नई बटालियन का शिलान्यास भी किया। जवानों के लिए ट्रेन में विशेष बोगी, रिटायर्ड जवानों को विशेष दर्जा देने का भी एलान किया।
मथुरा। केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने सरहद के पहरेदारों को उनकी सरजमीं पर अनूठी और बेजोड़ सलामी दी। सीमा पर बलिदान होने वाले मथुरा जिले के दस जवानों की वीर नारियों को तो सम्मानित किया ही, पश्चिम यूपी के जवानों के लिए मथुरा में बीएसएफ की नई बटालियन का शिलान्यास भी किया। जवानों के लिए ट्रेन में विशेष बोगी, रिटायर्ड जवानों को विशेष दर्जा देने का भी एलान किया।
शिंदे मंगलवार दोपहर मथुरा में बीएसएफ की बटालियन का शिलान्यास करने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। गृहमंत्री ने कहा कि हमने देखा है बॉर्डर। दुश्मन हों या फिर मौसम, जान हथेली पर रखकर मुस्तैद जवान। देश के लिए बलिदान की बेकरारी। ऐसे जवानों को अपने परिवार की भी याद आती होगी। इसीलिए भारत सरकार हर राज्य में बीएसएफ की बटालियन स्थापित कर रही है। उत्तर प्रदेश में ये पांचवीं और पश्चिम यूपी में ये पहली बटालियन होगी। गृहमंत्री ने यूपी के जवानों की तारीफ करते हुए कहा कि ब्रिटिश काल से ही उत्तर प्रदेश के रणबांकुरे मार्शल के रूप में जाने जाते रहे हैं।
बीएसएफ में ही यूपी के करीब 86 हजार जवान हैं, जिसमें दस हजार तो पश्चिम यूपी के ही हैं। इस दौरान उन्होंने मथुरा जिले के दस शहीदों को याद करते हुये उनकी वीर नारियों को सम्मानित भी किया।
जवानों के लिए सहूलियतों की घोषणा करते हुए श्री शिंदे ने बताया कि मई से सात ट्रेनों में जवानों के लिए दो विशेष बोगियां लगायी जाएंगी। रिटायर्ड जवानों को सीएपीएफ (सेंट्रल आर्मी पुलिस फोर्स) का दर्जा दिया जाएगा। दुर्गम स्थलों पर तैनात जवानों को हार्डशिप अलाउंस दिया जाएगा। इसके साथ ही नोएडा में बीएसएफ का महानिरीक्षक और इलाहाबाद में उपमहानिरीक्षक कार्यालय भी मंजूर किया गया है।
सब घबरा रहे थे पर बॉर्डर के जवान नहीं
अफजल गुरु की फांसी को लंबे समय तक केंद्र सरकार द्वारा लटकाने के मामले में सफाई देते हुए शिंदे ने कहा कि आपके दिल में दुख था कि अफजल गुरु के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? मगर उस वक्त हमें पता था कि इस कार्रवाई के बाद सीमा पर हलचल जरूर होगी। और हुआ भी ऐसा ही, मगर वो तो शुक्त्र है हमारे जवानों का, जिन्होंने सब संभाल लिया।
देश की समूची सीमा की होगी बाड़बंदी
सीमा पर चीन की ओर से निरंतर फायरिंग पर केंद्रीय गृहमंत्री ने बताया कि हमारे जवान किसी भी कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम हैं और जवाब दे भी रहे हैं। सुरक्षा के नजरिए से पूरे देश की सीमा पर फेंसिंग कराई जा रही है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर