नदी प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, राजस्थान को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी; पेयजल पर भी संकट
सुप्रीम कोर्ट ने जोजरी-बांडी-लूणी नदी पारिस्थितिकी तंत्र (रिवर इकोसिस्टम) में प्रदूषण से जुड़े मामले में "सुस्ती" को लेकर राजस्थान सरकार को कड़ी फटकार लगाई।

नदी पारिस्थितिकी तंत्र में प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट की राजस्थान को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
HighLights
जोजरी-बांडी-लूणी नदी तंत्र पर अधिकारियों को नींद से जगाने के लिए फटकारा
अदालत ने आदेश पारित करने के लिए मामले को 10 दिसंबर को सूचीबद्ध किया
पीटीआई, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने जोजरी-बांडी-लूणी नदी पारिस्थितिकी तंत्र (रिवर इकोसिस्टम) में प्रदूषण से जुड़े मामले में "सुस्ती" को लेकर राजस्थान सरकार को कड़ी फटकार लगाई। अदालत ने अधिकारियों को "नींद से जगाने" के लिए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
अदालत ने आदेश पारित करने के लिए मामले को 10 दिसंबर को सूचीबद्ध किया। जस्टिस विक्रम नाथ और संदीप मेहता की पीठ ने कहा कि अगर राज्य के अधिकारी इस मामले में कार्रवाई नहीं करते हैं तो शीर्ष अदालत उनके खिलाफ स्वत: संज्ञान लेकर अवमानना की कार्रवाई शुरू कर सकती है।
पीठ ने राजस्थान सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस.वी. राजू से कहा,"आप सरकार को सलाह दें और उन्हें जमीनी स्तर पर उतरकर काम करने दें, वरना उन्हें इस अदालत का रोष झेलना पड़ेगा।"
पीठ ने कहा,"अधिकारी कुछ भी नहीं करना चाहते। अगर वे जागकर कार्रवाई नहीं करेंगे तो हम उनसे जवाबदेही तय करेंगे।"
शीर्ष अदालत जोजरी नदी में प्रदूषण से जुड़े स्वत: संज्ञान मामले की सुनवाई कर रही थी। पीठ ने बांडी और लूणी नदियों में प्रदूषण के मुद्दे को भी उठाया था। जोजरी नदी जोधपुर से होकर गुजरती है, बांडी नदी पाली से बहती है और लूणी नदी बालोतरा से होकर गुजरती है।
बांडी व जोजरी नदियां बालोतरा शहर के पास लूणी नदी में मिलती हैं। न्यायमित्र व अधिवक्ता बलबीर सिंह ने शीर्ष अदालत के 26 अक्टूबर के निर्देश का हवाला दिया, जिसमें राज्य को नदी पारिस्थितिकी तंत्र के किनारे या आसपास नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की कोई और अनुमति देने से रोका था।
पीठ ने कहा,"अगर सकारात्मक कार्रवाई और ठोस रूपरेखा सामने नहीं आती है तो आपके अधिकारियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इसका असर सिर्फ अधिकारियों पर ही नहीं, पूरी सरकार पर पड़ेगा।"
बालोतरा में पेयजल की कमी का मुद्दा उठा
शीर्ष अदालत ने बालोतरा में पेयजल की गंभीर कमी का मुद्दा भी उठाया। पीठ ने कहा,"सरकार इस इलाके में रहने वाले लाखों लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पाइपलाइन क्यों नहीं बिछा सकती?"
उसने इसके लिए नर्मदा नहर से करीब सौ किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का सुझाव दिया। पीठ ने कहा,"अगर केंद्र व राज्य सरकारें ऐसा करती हैं तो यह बहुत अच्छी बात होगी।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।