मैरिटल रेप के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा अपडेट, 9 या 10 दिसंबर को शुरू हो सकती है अंतिम सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने घोषणा की है कि वह दिसंबर में वैवाहिक दुष्कर्म से संबंधित याचिकाओं पर अंतिम सुनवाई करेगा।

मैरिटल रेप के मुद्दे पर दिसंबर में सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई (फोटो क्रेडिट-रॉयटर्स)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि वह वैवाहिक दुष्कर्म के विवादित मुद्दे से जुड़ी याचिकाओं पर दिसंबर में अंतिम सुनवाई करेगा।
शीर्ष अदालत के समक्ष इस जटिल कानूनी सवाल को उठाने वाली कई याचिकाएं हैं कि यदि कोई पति अपनी बालिग पत्नी को यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर करता है तो क्या उसे दुष्कर्म के अपराध में अभियोजन से छूट मिलनी चाहिए।
भारतीय दंड संहिता की अपवाद धारा-375 के तहत (जिसे अब निरस्त कर भारतीय न्याय संहिता, 2023 से प्रतिस्थापित कर दिया गया है) किसी पुरुष द्वारा अपनी पत्नी के साथ यौन संबंध बनाना दुष्कर्म नहीं है, बशर्ते पत्नी नाबालिग नहीं हो। नए कानून की धारा-63 (दुष्कर्म) के अपवाद-2 में भी यही बात कही गई है।
इन याचिकाओं पर गुरुवार को प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ में सुनवाई होनी थी।
मामले में पेश हो रहीं वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह ने शीर्ष अदालत को बताया कि पीठ दिन में दोपहर दो बजे एक ऐसे मामले की सुनवाई करने वाली है, जिस पर सुनवाई पहले से जारी है।
उन्होंने पीठ से वैवाहिक दुष्कर्म के मामले को दिसंबर में सूचीबद्ध करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आज इस पर सुनवाई संभवत: नहीं हो पाएगी, क्योंकि पीठ पहले से जारी मामले की सुनवाई कर रही है।
प्रधान न्यायाधीश ने कहा, 'हम इसे नौ या 10 दिसंबर को तय करेंगे।' साथ ही कहा, 'हम शीतकालीन अवकाश से पहले इसकी सुनवाई करने की कोशिश करेंगे।' शीर्ष अदालत में शीतकालीन अवकाश 21 दिसंबर से शुरू होगा।
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार