विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर में मस्जिद के ध्वस्तीकरण मामले पर सुप्रीम कोर्ट का सुनवाई से इनकार, याचिकाकर्ता को हाई कोर्ट जाने का निर्देश

Published: Mon, 23 Nov 2026 09:15 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने सहारनपुर में 100 साल पुरानी मस्जिद के ध्वस्तीकरण से जुड़ी याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया। 

सुप्रीम कोर्ट ने सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण याचिका पर सुनवाई से इनकार किया। (फाइल फोटी)

सुप्रीम कोर्ट ने सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण याचिका पर सुनवाई से इनकार किया। (फाइल फोटी)

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण याचिका पर सुनवाई से इनकार किया।

  2. याचिकाकर्ता को इलाहाबाद हाई कोर्ट जाने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।

  3. ध्वस्तीकरण दिशानिर्देशों के उल्लंघन की जांच हाई कोर्ट करेगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को उस याचिका पर विचार करने से इन्कार कर दिया, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में 100 वर्ष पुरानी मस्जिद को गिराना 2024 के ऐतिहासिक फैसले में निर्धारित ध्वस्तीकरण संबंधी दिशानिर्देशों का उल्लंघन था। यह फैसला बुलडोजर के इस्तेमाल से संबंधित था।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ इमरान अहमद की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल के विरुद्ध शीर्ष अदालत के निर्देशों का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया था।

आरोपों की सीधी जांच करने से इन्कार करते हुए पीठ ने याचिकाकर्ता से संबंधित हाई कोर्ट जाने को कहा। पीठ ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के प्रत्येक कथित उल्लंघन को सीधे शीर्ष अदालत में नहीं लाया जा सकता।

पीठ ने कहा कि ध्वस्तीकरण संबंधी दिशानिर्देशों का उल्लंघन हुआ है या नहीं, यह तय करने के लिए कथित ध्वस्तीकरण से जुड़े विशिष्ट तथ्यों और परिस्थितियों की जांच करनी होगी। यह काम संबंधित हाई कोर्ट के लिए अधिक उपयुक्त है।

प्रधान न्यायाधीश ने कहा, 'हमने सिद्धांत तय किए हैं, लेकिन इन सिद्धांतों का उल्लंघन कहां हुआ और उसका तथ्यात्मक संदर्भ व पृष्ठभूमि क्या है? कृपया संबंधित हाई कोर्ट जाएं, तथ्यों के आधार पर अपना मामला रखें और अगर हाई कोर्ट आपको जरूरी राहत नहीं देता है, तो हमारे पास आएं।'

पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि अवमानना की कार्यवाही में वह आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच नहीं कर सकती। हालांकि, पीठ ने स्पष्ट किया कि अगर हाई कोर्ट मामले की जांच में यह पाता है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन हुआ है, तो इसके उचित परिणाम होंगे। पीठ ने कहा कि मामले का जल्द निपटारा किया जाए।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।