विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से कैसे रोक सकते हैं', सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:17 PM (GMT+05:30)

सुप्रीम कोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए पूछा कि राजनीतिक दलों को अपना एजेंडा उठाने से कैसे रोका जा सकता है। 

सुप्रीम कोर्ट ने राजनीतिक दलों के एजेंडे पर सवाल उठाया (सुप्रीम कोर्ट, फाइल फोटो)

सुप्रीम कोर्ट ने राजनीतिक दलों के एजेंडे पर सवाल उठाया (सुप्रीम कोर्ट, फाइल फोटो)

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने राजनीतिक दलों के एजेंडे पर सवाल उठाया

  2. न्याय प्रशासन में बाधा डालने वाली याचिका पर सुनवाई हुई

  3. सीजेआई के खिलाफ टिप्पणी का मामला भी विचाराधीन है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एक याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को उनका एजेंडा उठाने से कैसे रोका जा सकते है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि कुछ नेताओं और अन्य के बयानों से न्याय प्रशासन में बाधा पहुंची है।

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ दो वकीलों की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इनमें न्यायपालिका के विरुद्ध कुछ नेताओं के हालिया बयानों और टिप्पणियों का जिक्र किया गया था।

सुप्रीम कोर्ट ने राजनीतिक दलों के एजेंडे पर सवाल उठाया

याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने उस हालिया घटना का भी जिक्र किया, जिसमें एक वकील ने अदालत कक्ष में प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत के विरुद्ध अशोभनीय टिप्पणी की थी।

भाटिया ने कहा, 'इस अदालत के समक्ष उनमें से एक मामला विचाराधीन है। इससे न्यायपालिका सीधे प्रभावित होती है। इस याचिका के दायर होने के बाद दो और घटनाएं हुई हैं।

यह गंभीर मुद्दा है।' जब उन्होंने कहा कि सीजेआइ के विरुद्ध वकील की टिप्पणी से जुड़ा अवमानना मामला शीर्ष अदालत की अन्य पीठ के समक्ष लंबित है, तो पीठ ने कहा कि उचित होगा कि यह याचिका भी उसी पीठ के सामने रखी जाए। पीठ ने उचित निर्देश के लिए रजिस्ट्री से मामला सीजेआइ के सामने रखने को कहा।

18 नवंबर को जस्टिस दीपांकर दत्ता की अगुआई वाली तीन जजों की पीठ ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की उस याचिका पर नोटिस जारी किया था जिसमें सीजेआइ के विरुद्ध गलत टिप्पणी करने वाले एक वकील के विरुद्ध अवमानना कार्यवाही की मांग की गई थी।

जस्टिस नाथ की अगुआई वाली पीठ के सामने सोमवार को सुनवाई के लिए आई नई याचिका में केंद्र, चुनाव आयोग, कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद महुआ मोइत्रा और अन्य को प्रतिवादी बनाया गया है।

सीजेआई के खिलाफ टिप्पणी का मामला भी विचाराधीन है

सुनवाई के दौरान भाटिया ने कहा कि याचिका बड़े मुद्दे के बारे में है। पीठ ने पूछा, "आप राजनीतिक पार्टियों को अपना एजेंडा उठाने से कैसे रोक सकते हैं?" जब भाटिया ने कहा कि मामला राजनीतिक पार्टियों के बारे में नहीं है, तो पीठ ने कहा, "तो फिर आपने सब कुछ एक साथ क्यों कर दिया है?"

याचिका में दिए गए बयानों का उल्लेख करते हुए वरिष्ठ वकील ने पूछा, 'देखने वाली बात यह है कि क्या आप न्याय के प्रशासन में रुकावट डाल सकते हैं?' उन्होंने कहा कि एक राजनीतिक व्यक्ति को भी जिम्मेदारी से काम करना चाहिए। पीठ ने कहा, 'आप इसे संसद में क्यों नहीं उठाते? आप एक कानून बनवा सकते हैं।'

भाटिया ने सीजेआइ के विरुद्ध एक वकील की बातों का जिक्र किया और कहा कि अगर कोर्ट में ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो वकीलों और दूसरों के लिए यह बहुत दुख की बात है।

उन्होंने दो सांसदों व एक पत्रकार के बयानों और इंटरनेट मीडिया पोस्ट का भी जिक्र किया। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कई दूसरे विपक्षी नेताओं के 12 अक्टूबर को शीर्ष अदालत तक मार्च का उल्लेख किया।

भाटिया ने पीठ को बताया कि यह मुद्दा भी उठाया गया था और सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में नोटिस जारी किया है। पीठ ने कहा कि जस्टिस दत्ता की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की एक पीठ ने याचिका में बताई गई घटनाओं में से एक में अवमानना कार्यवाही पहले ही शुरू कर दी है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।