राहुल गांधी को 'सुप्रीम' राहत, आय से अधिक संपत्ति मामले में की जांच CBI-ED को करने का आदेश रद
सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की सीबीआई और ईडी जांच के इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश को रद कर दिया है।

राहुल गांधी को राहत (File Photo)
HighLights
सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को बड़ी राहत दी।
आय से अधिक संपत्ति जांच का आदेश रद्द किया।
इलाहाबाद हाई कोर्ट को पुनर्विचार का निर्देश।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के लिए बहुत राहत की खबर है। सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट का वह आदेश बुधवार को रद कर दिया, जिसमें सीबीआई, ईडी से राहुल गांधी के पास आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति होने के लगाए गए आरोपों की जांच करने को कहा गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने मामला वापस भेजते हुए हाई कोर्ट को निर्देश दिया है कि भाजपा कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर द्वारा दाखिल याचिका पर नये सिरे से विचार करे, जिसमें याचिका की सुनवाई योग्यता पर भी विचार किया जाएगा।
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बेंगलूरू कर्नाटक के रहने वाले भाजपा कार्यकर्ता एस विग्नेश शिशर की याचिका में राहुल गांधी पर आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति रखने के लगाए गए आरोपों की सीबीआइ और ईडी को जांच या आरोपों की पुष्टि करने का आदेश दिया था। राहुल गांधी ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जोयमाल्या बाग्ची और वी. मोहना की पीठ ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ दाखिल राहुल गांधी की याचिका पर सुनवाई के दौरान बुधवार को उपरोक्त आदेश दिये। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के आदेश पर पहले ही अंतरिम रोक लगा दी थी। साथ ही सीबीआइ और ईडी को आदेश दिया था कि उसे इस मामले में हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने की जरूरत नहीं है।
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मई में पारित आदेश में कहा था कि यदि याचिकाकर्ता की शिकायत प्राप्त हुई है तो उसमें लगाए गए आरोपों का कानून के अनुसार सत्यापन किया जा सकता है। हाई कोर्ट ने इसके साथ ही कहा था कि सीबीआइ और ईडी कानून के मुताबिक उचित कदम उठा सकती है। हाई कोर्ट ने दोनों एजेंसियों को जांच की प्रगति से अवगत कराने का भी निर्देश दिया था।
राहुल गांधी की ओर से हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ दाखिल याचिका में कहा गया था कि हाई कोर्ट में चल रही कार्यवाही कानून में मान्य प्रक्रिया के जरिए उत्पीड़न करने जैसा है। राहुल गांधी की ओर से पेश वकील कपिल सिब्बल ने याचिकाकर्ता के लोकस स्टैंडी (औचित्य) और उसकी मंशा पर भी सवाल उठाए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।