'दोषी व्यक्ति को त्वरित सुनवाई के अधिकार पर जमानत नहीं', सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया है कि आपराधिक पृष्ठभूमि और पूर्व में दोषी ठहराए गए व्यक्ति को केवल त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं मिल सकती।
-1795535130631_m.webp)
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला (File Photo)
HighLights
आपराधिक पृष्ठभूमि वाले को त्वरित सुनवाई पर जमानत नहीं मिल सकती।
सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट का जमानत आदेश रद्द कर दिया।
आरोपी ने अपनी पिछली दोषसिद्धि और मामले छिपाए थे।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि आपराधिक पृष्ठभूमि और पूर्व में दोषी ठहराए जा चुके व्यक्ति को केवल त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत पर रिहा नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने हत्या के एक मामले में आरोपित को जमानत देने के पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश को रद कर दिया।
जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने 18 नवंबर के अपने आदेश में कहा कि त्वरित सुनवाई का अधिकार हमेशा संविधान के अनुच्छेद-21 का एक पहलू माना जाता है। लेकिन, जब आरोपित किसी जघन्य अपराध में शामिल हो, तो आरोपित के अधिकार और समाज के हित (इसमें पीड़ित और उसके परिवार का हित भी शामिल) पर भी विचार करना जरूरी है।
इस मामले में ऐसा लगता है कि आरोपित की पूर्व दोषसिद्धि की जानकारी न तो हाई कोर्ट के संज्ञान में लाई गई और न ही जमानत याचिका पर सुनवाई के समय दूसरे आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता बताई गई।
पीठ ने कहा, 'कई अपराधों में शामिल व्यक्ति को जमानत देते समय त्वरित सुनवाई के अधिकार और समाज के हित, इन दोनों पहलुओं के बीच संतुलन बनाए रखना अदालत का कर्तव्य है। खासकर तब, जब हाई कोर्ट के सामने गलत बयान देकर जमानत का आदेश हासिल किया गया हो।'
शीर्ष अदालत ने यह आदेश मृतक के पिता एवं शिकायतकर्ता की अपील पर सुनवाई करते हुए दिया। उन्होंने आरोपित को जमानत देने के हाई कोर्ट के जनवरी, 2026 के आदेश को चुनौती दी थी। पीठ ने कहा कि हाई कोर्ट ने इस आधार पर आरोपित को जमानत दी थी कि वह पांच वर्ष से अधिक समय से जेल में था। आरोपित के वकील ने कहा कि हाई कोर्ट में दायर जमानत याचिका में उसने अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि का उल्लेख किया था।
इस पर शीर्ष अदालत ने कहा कि हाई कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल करते समय आरोपित ने दो जगह यह बयान दिया था कि मौजूदा मामले के अलावा वह किसी अन्य मामले में शामिल नहीं है। उसने पिछले मामले में अपनी दोषसिद्धि को छिपाया था। उस मामले में उसे उसी व्यक्ति की हत्या के प्रयास के लिए दोषी ठहराया गया था और सजा सुनाई गई थी, जो इस मामले में मृतक है।
मौजूदा अपराध तब किया गया, जब आरोपित हत्या के प्रयास के मामले में जमानत पर था। लिहाजा हाई कोर्ट को मुकदमे के दौरान आरोपित को जमानत पर रिहा नहीं करना चाहिए था। सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट का आदेश रद करके आरोपित को एक सप्ताह में अदालत के समक्ष समर्पण करने का निर्देश दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।