विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले से दोषी ठहराए जा चुके अपराधी को सिर्फ 'त्वरित सुनवाई' के अधिकार पर नहीं मिल सकती जमानत, SC का फैसला

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:23 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक इतिहास वाले दोषी को केवल त्वरित सुनवाई के अधिकार पर जमानत नहीं मिल सकती।

पहले से दोषी करार अपराधी को सुनवाई के नाम पर जमानत नहीं दे सकते- SC (फाइल फोटो)

पहले से दोषी करार अपराधी को सुनवाई के नाम पर जमानत नहीं दे सकते- SC (फाइल फोटो)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसले में स्पष्ट किया है कि आपराधिक इतिहास रखने वाले और पहले से दोषी करार दिए जा चुके किसी अपराधी को सिर्फ त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत पर रिहा नहीं किया जा सकता।

जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस चंद्रशेखर की बेंच ने यह टिप्पणी पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के एक आदेश को रद करते हुए की। जिसमें हाई कोर्ट ने हत्या के एक मामले में आरोपी को जमानत दे दी थी।

बेंच ने कहा, 'संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत 'जल्द सुनवाई का अधिकार' एक महत्वपूर्ण पहलू माना जाता है। लेकिन, जब कोई आरोपी किसी गंभीर अपराध में शामिल हो, तो उसके अधिकारों के साथ-साथ समाज के हितों, जिसमें पीड़ित और उसके परिवार का हित भी शामिल है, उसको भी ध्यान में रखना जरूरी है।'

सुप्रीम कोर्ट ने 18 नवंबर के अपने आदेश में कहा कि पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और पिछली सजा वाले किसी अपराधी को सिर्फ 'जल्द सुनवाई के अधिकार' के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती।

कोर्ट ने कहा, 'जब कोई व्यक्ति कई अपराधों में शामिल हो, तो अदालत का यह कर्तव्य है कि वह जल्द सुनवाई के अधिकार और सामाजिक हित के बीच संतुलन बनाए रखे। यह और भी जरूरी हो जाता है जब आरोपी ने हाई कोर्ट के सामने गलत बयान देकर जमानत हासिल की हो।

सुप्रीम कोर्ट ने यह आदेश मृतक के पिता (शिकायतकर्ता) की अपील पर सुनवाई करते हुए दिया। उन्होंने हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें आरोपी को जमानत दे दी गई थी।
बेंच ने गौर किया कि हाई कोर्ट ने इस आधार पर जमानत दी थी कि आरोपी पांच साल से अधिक समय से जेल में था।

शिकायतकर्ता ने तर्क दिया था कि उच्च न्यायालय को मामले के सभी पहलुओं पर विचार करना चाहिए था, जिसमें आरोपी का आपराधिक इतिहास भी शामिल है। विशेष रूप से इस तथ्य पर कि उसे पहले हत्या के प्रयास के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका था।

आरोपी के वकील ने दावा किया कि हाई कोर्ट में दायर जमानत अर्जी में आपराधिक इतिहास का जिक्र किया गया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि याचिका में दो जगहों पर यह गलत बयान दिया गया था कि आरोपी मौजूदा केस के अलावा किसी अन्य मामले में शामिल नहीं है।

अदालत ने कहा कि आरोपी ने अपनी पिछली सजा को छिपाया था, जिसमें उसे इसी मृतक की हत्या के प्रयास का दोषी ठहराया गया था और वर्तमान हत्या भी उसने उसी मामले में जमानत पर बाहर रहने के दौरान की।

यह मानते हुए कि हाई कोर्ट को ट्रायल के दौरान उसे जमानत नहीं देनी चाहिए थी, पीठ ने अपील स्वीकार कर हाई कोर्ट का आदेश रद कर दिया और आरोपी को एक सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत में सरेंडर करने का निर्देश दिया। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।