विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'विकास की कीमत जंगलों का विनाश और आदिवासियों का शोषण नहीं हो सकती', वनवासी कल्याण आश्रम ने किया सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:37 PM (IST)

वनवासी कल्याण आश्रम ने आदिवासी क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण के लिए ग्राम सभा की पूर्व सहमति अनिवार्य करने वाले सुप्रीम कोर्ट के आदेश का स्वागत किया है। 

वनवासी कल्याण आश्रम ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया (सुप्रीम कोर्ट-फाइल फोटो)

वनवासी कल्याण आश्रम ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया (सुप्रीम कोर्ट-फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आरएसएस से संबद्ध अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का स्वागत किया, जिसमें आदिवासी क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण के लिए ग्राम सभा की पूर्व सहमति को अनिवार्य कर दिया गया है।

संगठन ने कहा कि आदिवासी समाज देश की प्रगति के खिलाफ नहीं है, लेकिन विकास ऐसा नहीं होना चाहिए जिसकी कीमत जंगलों और पर्यावरण के विनाश या आदिवासी समुदायों के शोषण के रूप में चुकानी पड़े।

आश्रम के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने चिंता जताते हुए कहा कि कंपनियां अक्सर खनन कार्यों में पर्यावरण और जल प्रदूषण रोकने के जरूरी उपाय नहीं करतीं और न ही स्थानीय लोगों को रोजगार देती हैं। 2013 के ऐतिहासिक नियमगिरी/वेदांत फैसले के बावजूद केंद्र और राज्य सरकारें पीईएसए (पेसा) अधिनियम के प्रविधानों को नजरअंदाज करती रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियां भ्रष्ट अधिकारियों, नेताओं और बिचौलियों से सांठगांठ कर 'बैकडोर' से काम निकालने का प्रयास करती हैं, जिसे अब पूरी तरह बंद होना चाहिए। देश के आर्थिक विकास के साथ स्थानीय आदिवासियों का लाभ भी सुनिश्चित होना जरूरी है।

वनवासी कल्याण आश्रम ने पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आने वाले सभी 10 राज्यों - गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और ओडिशा - के राज्यपालों से अपील की है कि वे इस फैसले को पूरी निष्ठा से लागू कराएं। संगठन ने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग और राज्यों के मुख्य सचिवों से भी कोर्ट के आदेश का कड़ाई से पालन कराने का आग्रह किया है और चेतावनी दी है कि अवहेलना पर अवमानना की कार्रवाई होनी चाहिए।

गौरतलब है कि 18 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के तीन गांवों में डालमिया सीमेंट्स के खनन हेतु भूमि अधिग्रहण को रद कर दिया था। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पांचवीं अनुसूची के तहत धारा 41(3) के अनुसार ग्राम सभा की अनुमति और कम से कम 80 प्रतिशत प्रभावित परिवारों की सहमति अनिवार्य है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।