विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रदर्शनों के लिए एसओपी की मांग, सुप्रीम कोर्ट का केंद्र और CJP नेताओं को नोटिस

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:30 PM (GMT+05:30)

सुप्रीम कोर्ट ने सार्वजनिक प्रदर्शनों के लिए समान दिशा-निर्देश और एसओपी बनाने की मांग वाली 'लायर्स वायस' की याचिका पर केंद्र सरकार और सीजेपी नेताओं को नोटिस जारी किया है। 

सुप्रीम कोर्ट का केंद्र और CJP नेताओं को नोटिस। (फाइल)

सुप्रीम कोर्ट का केंद्र और CJP नेताओं को नोटिस। (फाइल)

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने सार्वजनिक प्रदर्शनों के लिए एसओपी बनाने पर नोटिस जारी किया।

  2. 'लायर्स वायस' ने प्रदर्शनों के नियमन हेतु समान दिशा-निर्देशों की मांग की।

  3. याचिका में सीजेपी के अनियंत्रित प्रदर्शनों और उल्लंघन का जिक्र है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को वकीलों के संगठन 'लायर्स वायस' की याचिका पर विचार करने की सहमति दी जिसमें सार्वजनिक प्रदर्शनों एवं विरोध-प्रदर्शनों के नियमन के लिए समान दिशा-निर्देश और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाने का निर्देश देने की मांग की गई है। याचिका पर कोर्ट ने केंद्र सरकार और काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास, आशुतोष रांका व अन्य को नोटिस जारी किए।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने इस याचिका पर सुनवाई की। इसमें सार्वजनिक प्रदर्शनों में आयोजकों और प्रतिभागियों की जिम्मेदारियां तय करने वाले व्यापक, समान और प्रभावी दिशा-निर्देश बनाने का निर्देश देने की मांग की गई है। याचिका में कहा गया कि असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन प्रदर्शन कानूनी सीमाओं के भीतर होने चाहिए और राजधानी में जनजीवन ठप करने या वकीलों की आजीविका बाधित करने से बचना चाहिए।

याचिका में कहा गया, 'एक उचित रिट, आदेश या निर्देश जारी किया जाए, जिसमें प्रतिवादियों को लागू कानून, वैध प्रतिबंधों या सक्षम प्राधिकारियों के वैध निर्देशों का उल्लंघन करके किए जाने वाले सार्वजनिक प्रदर्शनों से निपटने के लिए एसओपी की समीक्षा, संशोधन, निर्माण और कार्यान्वयन का निर्देश दिया जाए। साथ ही, सामान्य जनजीवन सुनिश्चित करने के लिए समय पर और समन्वित कार्रवाई की व्यवस्था हो।'

याचिका में जुलाई और अक्टूबर, 2026 में सीजेपी की ओर से आयोजित प्रदर्शनों का उल्लेख किया गया। मीडिया की खबरों के हवाले से याचिका में कहा गया कि दिल्ली पुलिस ने 'एक बार की छूट' देते हुए सीजेपी को छह जून, 2026 को जंतर-मंतर पर धरना देने की अनुमति दी थी। आयोजकों की ओर से दिए गए आश्वासन के आधार पर यह अनुमति सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक के लिए थी।

20 जून, 2026 को फिर एक दिन के लिए अनुमति मांगी गई और दी गई। यह अनुमति भी सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक सीमित थी, लेकिन तय समय खत्म होने के बाद भी प्रदर्शन बंद नहीं किया गया। कभी कोई अवधि-विस्तार नहीं दिया गया था और आयोजकों ने बिना किसी अनुमति के एकतरफा तौर पर अनिश्चितकालीन धरने की घोषणा कर दी। यह धरना करीब 35 दिनों तक 25 जुलाई, 2026 तक जारी रहा। इस दौरान 20 जुलाई, 2026 को अधिकारियों की अनुमति के बिना संसद की ओर मार्च भी किया गया।

याचिका में आगे कहा गया कि दास की ओर से सात अक्टूबर को एक पत्र मिला था, जिसमें 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगी गई थी। आयोजकों ने बताया था कि इसमें हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। दिल्ली पुलिस ने नौ अक्टूबर को यह कहते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया कि प्रस्तावित कार्यक्रम से केवल तीन दिन पहले सूचना दी गई थी, जबकि इसके लिए 10 दिन पहले सूचना देना निर्धारित है।

आयोजक पहले वैध निर्देशों और अपने ही आश्वासनों का पालन करने में विफल रहे थे। अनुमति से इनकार का आधार लोक व्यवस्था, सार्वजनिक सुरक्षा और यातायात का नियमन बताया गया।

याचिका में कहा गया कि अनुमति से इनकार के बावजूद आयोजकों ने लोगों को जुटने का आह्वान जारी रखा। कानून-व्यवस्था भंग होने से रोकने के लिए 10 अक्टूबर की पूर्वाह्न तक करीब 1,500 लोगों को हिरासत में लेना पड़ा, जबकि अन्य मीडिया संस्थानों ने हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या इससे अधिक बताई।

इन घटनाओं से जुड़ी शिकायतों का एक साझा पहलू यह है कि खबरों के अनुसार, सक्षम प्राधिकारियों की ओर से लगाई गई शर्तों की अनदेखी करते हुए या उनकी अनुमति के बिना प्रदर्शन जारी रखे गए अथवा आयोजित करने की कोशिश की गई।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।