विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों द्वारा बार-बार सेवा-संबंधी लाभ मांगे जाने पर जताई आपत्ति

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:54 AM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों द्वारा बार-बार सेवा-संबंधी और सेवानिवृत्ति लाभ मांगने पर कड़ी आपत्ति जताई है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने उनकी कार्यप्रणाली और अदालतों में उपस्थिति पर सवाल उठाए, कहा वे सुविधाओं पर अधिक ध्यान देते हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों के लाभ मांगने पर आपत्ति जताई।

  2. मुख्य न्यायाधीश ने उनकी अदालत में उपस्थिति पर सवाल उठाए।

  3. अधिकारी काम से ज्यादा सुविधाओं पर ध्यान देते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को न्यायिक अधिकारियों द्वारा सेवा-संबंधी और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों के लिए बार-बार अदालत का दरवाजा खटखटाने पर कड़ी आपत्ति जताई। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत ने ट्रायल कोर्ट में उनकी उपस्थिति और कामकाज के तरीकों पर सवाल उठाए।

मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, जस्टिस जायमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की एक बेंच केरलम में जिला न्यायाधीशों की भर्ती से जुड़े एक मामले की सुनवाई कर रही थी। यह मामला बार के सदस्यों के लिए आरक्षित डायरेक्ट रिक्रूटमेंट कोटा (सीधी भर्ती कोटा) से संबंधित था।

भारत के मुख्य न्यायाधीश ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा, "वे अब कुछ ज्यादा ही मुंह खोल रहे हैं। हर मामले में, न्यायिक अधिकारी आवेदन लेकर आ जाते हैं कि हमें यह दे दो। वे अदालतों में काम क्यों नहीं करते।

हमें पता है कि वे कितने मामलों का निपटारा करते हैं और दिन भर क्या करते रहते हैं।" सूर्य कांत ने काम के घंटों के दौरान कोर्ट रूम में न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा, "आप 10 बजे जाइए, कोर्ट में कोई नहीं मिलता। सब अपने चैंबर में बैठकर काफी पी रहे होते हैं। क्या हमें नहीं पता कि क्या चल रहा है।" उन्होंने कहा, "ये लोग 24 घंटे बस यही सोचते रहते हैं कि उन्हें कौन-कौन सी सुविधाएं और सेवा-लाभ मिल रहे हैं, या उनकी सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाई जा रही है या नहीं। बाहर लोग कतार में इंतजार कर रहे होते हैं, लेकिन ये उन मामलों पर ध्यान नहीं देते।"
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।