विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पैकेट फूड पर अब साफ-साफ दिखेगा सेहत का सच, सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI की टाइमलाइन को बताया उचित

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:27 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा फ्रंट ऑफ पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) नियम लागू करने की प्रस्तावित समयसीमा को उचित ठहराया है। 

FSSAI की चेतावनी वाले लेबलिंग नियम लागू करने की समय सीमा उचित। (फाइल)

FSSAI की चेतावनी वाले लेबलिंग नियम लागू करने की समय सीमा उचित। (फाइल)

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI की FOPNL नियम लागू करने की समयसीमा को उचित बताया।

  2. FSSAI को मसौदा नियम जारी करने और अंतिम रूप देने में चार महीने लगेंगे।

  3. FOPNL उपभोक्ताओं को स्वस्थ खानपान के बारे में सूचित निर्णय लेने में मदद करेगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ओर से फ्रंट आफ पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (एफओपीएनएल) के नियम लागू करने के लिए प्रस्तावित समयसीमा को उचित करार दिया।

जस्टिस जेबी पार्डीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि एफएसएसएआई ने अपने हलफनामे में बताया है कि वह एफओपीएनएल व्यवस्था लागू करने के लिए एक चरण वाला दृष्टिकोण अपनाना चाहता है।

पीठ ने यह भी कहा कि एफएसएसएआई के अनुसार, मसौदा नियम जारी करने और उन्हें अंतिम रूप देने के लिए करीब चार महीने का समय आवश्यक होगा, ताकि खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत निर्धारित नियामकीय प्रक्रिया पूरी की जा सके। हमारा मानना है कि नियमों को लागू करने के लिए एफएसएसएआई की प्रस्तावित समयसीमा वैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप और उचित है।

पीठ ने कहा कि आबादी के एक बड़े हिस्से के मौलिक अधिकारों का प्रभावी ढंग से साकार होना इस उपाय से जुड़ा है। हर एक दिन की देरी इस बात का संकेत है कि पैकेट वाले खाद्य पदार्थ ऐसे लेबल के बिना बिकते रहेंगे, जिससे स्वास्थ्य, भोजन और सूचना के अधिकारों को नुकसान पहुंचेगा। इसलिए मसौदा नियम जारी करने में किसी भी देरी से बचना चाहिए।

एफओपीएनएल खाद्य पैकेजिंग पर पोषण संबंधी जानकारी देने वाला एक चित्रात्मक संकेत है, जो उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थ खरीदने और स्वस्थ खानपान के विकल्प चुनने के बारे में सोच-समझकर निर्णय लेने में मदद कर सकता है।

पीठ ने स्वास्थ्य विशेषज्ञ और लेखिका एन. विगमोर के ये शब्द उद्धृत किए, 'आप जो भोजन करते हैं, वह या तो दवा का सबसे सुरक्षित और शक्तिशाली रूप हो सकता है या फिर सबसे धीमे असर करने वाला जहर।' पीठ ने कहा कि उसके सामने मौजूद मुद्दे इस सरल तथ्य पर आधारित हैं कि सही भोजन करना तभी संभव है, जब व्यक्ति को पता हो कि वह क्या खा रहा है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।