विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कितनी कीमत चुकाई जाती है?', अवैध निर्माण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त; नगर निकायों की मिलीभगत पर उठाए सवाल

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:10 PM (GMT+05:30)

सुप्रीम कोर्ट ने नागरिक उपनियमों के खुले उल्लंघन पर गहरी चिंता व्यक्त की और नगर निकायों की मिलीभगत पर सवाल उठाए। 

सुप्रीम कोर्ट नागरिक उपनियमों के खुले उल्लंघन पर चिंतित (फाइल फोटो)

सुप्रीम कोर्ट नागरिक उपनियमों के खुले उल्लंघन पर चिंतित (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह नागरिक उपनियमों के खुले उल्लंघन को लेकर चिंतित है। अदालत ने ऐसे नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ मिलीभगत को लेकर नगर निकायों के अधिकारियों से सवाल भी किया। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए छह जनवरी, 2027 की तारीख तय की।

जस्टिस बीवी नागरत्ना और संजीव सचदेवा की पीठ अनधिकृत निर्माण से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि उसे इस बात की चिंता है कि नगर निकायों के अधिकारी मंजूर भवन योजनाओं का उल्लंघन करने दे रहे हैं, नियमों से हटकर किए गए निर्माणों की अनदेखी कर रहे हैं और बाद में ध्वस्तीकरण के आदेश लागू करने में विफल रहते हैं।

जस्टिस नागरत्ना ने पूछा, 'योजना मंजूर कराने के लिए कितनी कीमत चुकाई जाती है? भवन निर्माण के हर चरण में जांच के समय कितनी कीमत चुकाई जाती है? ध्वस्तीकरण न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए व्यक्ति कितनी कीमत चुकाता है?'

पीठ ने कहा कि शहर साझा नागरिक स्थल हैं, न कि केवल अलग-अलग संपत्तियों और बस्तियों का जमावड़ा। भवन उपनियमों के उल्लंघन से सड़कों, जल निकासी और यातायात क्षमता समेत नागरिक बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान होता है।

पीठ ने नागरिकों से अपने मूल कर्तव्यों का पालन करने का आग्रह किया। उसने कहा कि अनुच्छेद 51 के तहत मूल कर्तव्यों में निहित मूल्य, साझा हित के लिए बनाए गए कानूनों की लापरवाह अनदेखी के विपरीत हैं।

भवन नियमों का पालन करना नागरिकों और नगर निकायों के अधिकारियों—दोनों की नागरिक जिम्मेदारी की बुनियादी अभिव्यक्ति है। पीठ ने कहा,"देश भर में खुलेआम हो रहे उल्लंघन को देखकर हम चिंतित हैं।" पीठ ने कहा कि अनधिकृत निर्माण अक्सर नगर निकायों के अधिकारियों की सक्रिय मिलीभगत से फलते-फूलते हैं।

इसके पीछे यह उम्मीद रहती है कि राज्य सरकारें, खासकर चुनावों से पहले, ऐसे निर्माणों को नियमित कर देंगी। भारत का संविधान साझा नागरिक उद्यम में भागीदारी का प्रविधान करता है। इसके बदले हमारे शहर भी नागरिकों से यही अपेक्षा करते हैं कि निजी महत्वाकांक्षाएं सार्वजनिक सीमाओं के भीतर रहें।'

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।