Weather: दिल्ली में कहर बरपा रही गर्मी, राजस्थान में पारा 46 के पार; यूपी के कई जिलों में हो रही तेज बारिश
पूरा उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। राजस्थान के बाड़मेर में पारा 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया तो दिल्ली में रातें भी गर्म हो रही हैं। गुजरात राजस्थान महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में लू की स्थिति के बीच कम से कम 26 स्थानों पर पारा 43 या उससे ऊपर रहा। मौसम विभाग ने इन राज्यों में बारिश की आशंका जताई है।

जागरण टीम, नई दिल्ली। पूरा उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। राजस्थान के बाड़मेर में पारा 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया तो दिल्ली में रातें भी गर्म हो रही हैं। राजधानी में मंगलवार की रात का तापमान तीन वर्ष में अप्रैल का सर्वाधिक 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, यूपी के कई जिलों में बारिश हो रही है। मैनपुरी में सुबह से ही तेज बारिश हुई।
कुछ राज्यों में गर्मी कहर बरपा रही
गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में लू की स्थिति के बीच कम से कम 26 स्थानों पर पारा 43 या उससे ऊपर रहा। हालांकि मौसम विभाग ने गुरुवार से अगले पांच दिन तक लू नहीं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में गिरावट के साथ बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है।
शुक्रवार को भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। कई राज्यों से इतर उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कुछ जिलों में गर्मी कहर बरपा रही है तो कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो रही है।
तराई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले भी गिरे
बुधवार को प्रयागराज, फतेहपुर, बांदा, झांसी, हमीरपुर, आगरा, अलीगढ़ और बुलंदशहर जैसे जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। सबसे अधिक 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान झांसी में रिकॉर्ड किया गया। तराई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं।
राजस्थान में पिलानी में 44.9 डिग्री सेल्सियस, फलौदी और चुरू में क्रमश: 43.8 डिग्री सेल्सियस और 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुजरात के राजकोट में 45.2, अमरेली में 44.3 डिग्री सेल्सियस और सुरेंद्रनगर में 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश का ऐसा है हाल
महाराष्ट्र में अकोला और जलगांव में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्य भारत के रतलाम में सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि होशंगाबाद में 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में चल रही गर्मी 10 अप्रैल से कम होने की संभावना है, जबकि गुजरात और मध्य प्रदेश में 11 अप्रैल से गर्मी कम होने की संभावना है।
कश्मीर में बर्फबारी
वर्षा तो जम्मू में तेज धूप कर रही बेहालपश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते कश्मीर में बर्फबारी और बारिश तो जम्मू में तेज धूप बेहाल कर रही है। बुधवार को कश्मीर के उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में वर्षा हुई।
जम्मू में अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री
कई दिनों से शुष्क मौसम के बीच सामान्य से कई डिग्री ऊपर गए तापमान में फिर से गिरावट आई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। जम्मू में अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 24.1 दर्ज किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।