लोकसभा चुनाव तैयारियों में जुट जाएं कार्यकर्ता
2014 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को अभी से सघन जनसंपर्क में जुट जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने पर ही हम केंद्र की राजनीति में सशक्त हस्तक्षेप कर सकेंगे।
लखनऊ [जाब्यू]। 2014 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को अभी से सघन जनसंपर्क में जुट जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने पर ही हम केंद्र की राजनीति में सशक्त हस्तक्षेप कर सकेंगे।
यादव शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में एकत्र कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा सूबे की सपा सरकार जनहित के अपने सभी वायदे पूरे करेगी। वायदे से पीछे हटना या वचन को तोड़ना राजनीति का अक्षम्य अपराध हैं। यह सरकार भ्रष्टाचारियों को दंड देगी। पत्थर के स्मारकों पर धन खर्च करने के बजाए बिजली, पानी, सड़क, उद्योग जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने पर जोर देगी।
उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ ही कार्यकर्ताओं से सरकार चलाने में सहयोग की अपील की।
यादव ने कहा कि संगठन और सरकार दोनों की अलग-अलग किंतु अहम भूमिकाएं हैं। संगठन की मजबूती से ही हम 2014 के लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। कार्यकर्ता सपा सरकार की अब तक की नीतियों, निर्णयों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी भी उपस्थित थे। मुंबई से आए सिने संगीतकार इदरीश निजामी और शाहिदा बेगम ने यादव से भेंट की।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर